नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रभावशाली नेताओं, मंत्रियों और बड़े अधिकारियों से नजदीकी होने का दावा कर लोगों का भरोसा जीतने और फिर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपित दीपक टंडन को रायपुर पुलिस ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। उसके खिलाफ तेलीबांधा थाने में पांच अलग-अलग मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब इन सभी मामलों की कड़ियों को जोड़कर जांच करेगी। जांच का दायरा सिर्फ दर्ज एफआईआर तक सीमित नहीं रहेगा।
संपर्कों का इस्तेमाल वह ठगी के लिए कैसे करता था
पुलिस यह भी पता लगाएगी कि दीपक किस तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था, किन नेताओं, अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य प्रभावशाली लोगों के संपर्क में था और इन संपर्कों का इस्तेमाल वह ठगी के लिए कैसे करता था।
उसके मोबाइल फोन, डिजिटल दस्तावेज, बातचीत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच की जाएगी। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि ठगी से मिली रकम कहां इस्तेमाल की गई और इस पूरे नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
ठगी के इन आरोपों की होगी जांच
दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा पर होटल की संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप है। वर्ष 2021 में आर्ट आफ लिविंग की राज्य प्रमुख और बिल्डर संजय बाजपेयी की पत्नी डा. सरिता वाजपेयी ने होटल संचालन के लिए अपना साधना मंडप हाल बरखा टंडन को दिया था।
किराया बकाया होने और संपत्ति कर जमा नहीं करने पर नगर निगम ने 18 अगस्त को होटल सील कर दिया था। 26 अक्टूबर को सील खोलकर संपत्ति सरिता वाजपेयी को सौंप दी गई, लेकिन आरोप है कि इसके बाद दंपती ने दोबारा कब्जा कर लिया।
जमीन का 1.16 करोड़ में सौदा कर 36 लाख से अधिक लेने का आरोप
दूसरे मामले में कारोबारी आशीष जायसवाल से वीआइपी रोड स्थित एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट और 16,500 वर्गफीट जमीन का 1.16 करोड़ रुपये में सौदा कर 36 लाख रुपये से अधिक लेने का आरोप है। बाद में पता चला कि जमीन दीपक के नाम पर नहीं थी।
इसी कारोबारी से फार्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने का भी आरोप है, जबकि गाड़ी उसकी नहीं थी।
ठेका दिलाने के नाम पर कुल 56 लाख की ठगी का आरोप
वहीं, कोरबा की एसईसीएल खदान में सिक्योरिटी और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख और मैनेजर विकास नागले से 25 लाख रुपये लेने की शिकायत है। दोनों को दिए गए चेक बाउंस हो गए थे। कुल 56 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।
ऐसे लोगों को अपने जाल में फंसाता था ठग
दीपक टंडन ठगी की वारदातों को किस सुनियोजित तरीके से अंजाम देता था। अब तक सामने आए मामलों में एक तरीका समान दिखाई देता है। वह पहले खुद को प्रभावशाली नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के करीब बताता था।
इसके बाद सरकारी विभागों में काम कराने, कोयला खदानों में ठेका दिलाने, जमीन और होटल के कारोबार में फायदा दिलाने जैसे प्रस्ताव देकर लोगों का विश्वास जीतता था।
शुरुआत में बड़े दावे और प्रभावशाली संपर्कों का हवाला देकर लोगों को अपने भरोसे में लेने के बाद वह लाखों रुपये की रकम लेता था। जब काम नहीं होता और लोग पैसे वापस मांगते थे तो उन्हें टालने या धमकाने के आरोप भी सामने आए हैं।
डीएसपी कल्पना वर्मा प्रकरण से भी आया था चर्चा में
दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा पर नजदीकियां बढ़ाकर आर्थिक लाभ लेने का आरोप लगाया था। उसके दावे के अनुसार, उसने करीब दो करोड़ रुपये नकद, 19 लाख रुपये के गहने और इनोवा क्रिस्टा कार दी थी। इस प्रकरण की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कल्पना वर्मा को निलंबित किया गया था और विभागीय जांच शुरू हुई थी।
फोटो फ्रेमिंग की दुकान से होटल कारोबारी, अब ठग और ब्लैकमेलर
कभी कोरबा में भाइयों के साथ फोटो फ्रेमिंग की दुकान चलाने वाला दीपक अंबेडकर टंडन आज कई शहरों में दर्ज धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के मामलों को लेकर चर्चा में है। कोरबा की पुरानी बस्ती में बचपन बिताने और पढ़ाई करने वाले दीपक ने करीब 17 साल पहले शहर छोड़कर रायपुर का रुख किया था।
आरोप है कि कारोबार में पहचान बनाने के साथ उसने नेता-अफसरों तक अपनी पहुंच और रसूख का धौंस दिखाकर लोगों को भरोसे में लेना शुरू किया। बड़े काम, सरकारी टेंडर और प्रभावशाली लोगों से काम कराने का झांसा देकर रकम लेने के आरोप भी सामने आए।
पुलिस के सामने अब ये होंगे बड़े सवाल
- दीपक टंडन ने अब तक कितने लोगों से किस-किस बहाने रकम ली?
- सरकारी ठेके और अधिकारियों से पहचान होने के दावों की वास्तविकता क्या है?
- ठगी से हासिल रकम कहां खर्च की गई और किन खातों में भेजी गई?
- किन नेताओं, अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य प्रभावशाली लोगों से उसके संपर्क थे?
- होटल, जमीन और गाड़ियों के सौदों में किन अन्य लोगों की भूमिका रही?
- क्या दर्ज मामलों के अलावा भी अन्य लोग उसके खिलाफ शिकायत करने सामने आएंगे?