महादेव सट्टा मामले के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को रायपुर लेकर पहुंची CBI, कल कोर्ट में करेगी पेश
महादेव सट्टा मामले के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को सीबीआई की टीम रायपुर दफ्तर लेकर पहुंच गई है।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 06:31:08 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 06:46:17 PM (IST)
HighLights
- मीडिया से बचते हुए सीबीआई टीम उसे लेकर रवाना हुई
- रायपुर स्थित सीबीआई दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है
- पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की मांग करेगी सीबीआई
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। महादेव सट्टा मामले के मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को सीबीआई की टीम रायपुर दफ्तर लेकर पहुंच गई है। एयरपोर्ट की पूरी लाइट बंद करवाकर मीडिया से बचते हुए सीबीआई टीम उसे लेकर रवाना हुई। इस दौरान रायपुर स्थित सीबीआई दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उम्मीद की जा रही है कि कल सीबीआई उसे कोर्ट में पेश कर सकती है। कोर्ट में सीबीआई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लेने की मांग करेगी।
ओमान से प्रत्यर्पित कर रायपुर लाया गया है
ओमान से प्रत्यर्पित कर रायपुर लाए गए चंद्राकर से पूछताछ में सट्टे की कमाई, हवाला नेटवर्क और कथित राजनीतिक-प्रशासनिक संरक्षण से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है। हालांकि, किसी नए राजफाश या आरोपी के बयान की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क में शामिल थाः सीबीआई
सीबीआई के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक सिंडिकेट देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क में शामिल था। क्रिकेट, फुटबाल और अन्य खेलों पर सट्टा लगाने के लिए देशभर में 3,000 से अधिक पैनल और शाखाएं संचालित की जाती थीं।
जांच में सामने आया कि सट्टे की रकम म्यूल बैंक खातों में जमा कर कई स्तरों पर लेनदेन के बाद हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी।
कथित संरक्षण राशि देने के आरोप भी जांच का हिस्सा
नेताओं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कथित संरक्षण राशि देने के आरोप भी जांच का हिस्सा हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने सितंबर 2026 में अदालत में दाखिल शिकायत में संबंधित सट्टा प्लेटफार्मों से करीब 94,400 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय का अनुमान जताया था। यह जांच एजेंसी का अनुमान है, न्यायिक रूप से प्रमाणित रकम नहीं।