
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाने में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। चंद्राकर पर इस सट्टा ऐप के माध्यम से 94 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाने का आरोप है। भारत पहुंचते ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उसे रायपुर ले जाकर विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई दोनों कर रहे हैं। चंद्राकर की वापसी के बाद ऐप से जुड़े अन्य आरोपितों और उन्हें संरक्षण देने वाले नेताओं से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। आरोप है कि सरकारी संरक्षण के एवज में ऐप के संचालकों से 508 करोड़ रुपये लिए गए थे।
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि परिवार और सहयोगियों के साथ 2022 में भिलाई से भागने के बाद सौरभ चंद्राकर दुबई में रह रहा था और वहीं महादेव सट्टा एप का मुख्यालय बना रखा था। 2023 में जांच शुरू होने और एजेंसियों का दबाव बनने के बाद वह ओमान भाग गया था और वहां वानुअतु का नागरिक बताने लगा। लेकिन भारतीय अदालत के गिरफ्तारी वारंट, इंटरपोल के रेड कार्नर नोटिस के सहारे भारतीय एजेंसियां उसे भारत का नागरिक साबित करने में सफल रहीं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सारे सुबूतों को देखने के बाद ओमान ने उसके प्रत्यर्पण का फैसला किया। सौरभ चंद्राकर के साथ 2019 में महादेव सट्टा एप शुरू करने वाला सह-प्रमोटर रवि उप्पल फिलहाल दुबई में है और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रवि उप्पल के साथ ही चंद्राकर का सहयोगी अनिल अग्रवाल उर्फ अतुल अग्रवाल एवं पूरे कारोबार का वित्तीय लेन-देन संभालने वाले शुभम सोनी भी दुबई में हैं और उनके भी प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है।
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शुभम सोनी ने 2023 में एक ई-मेल भेजकर महादेव सट्टा एप चलाने के लिए अधिकारियों और राजनीतिज्ञों को करोड़ों रुपये की संरक्षण राशि देने का दावा किया था। उसी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये महादेव सट्टा एप के प्रमोटरों द्वारा दिए जाने की बात उजागर की थी, जिसकी जांच अभी तक जारी है।
यह भी पढ़ें- माओवादी कमांडर चलपति की गार्ड ने सहयोगियों के साथ जंगल से निकाला गड़ा धन, गरियाबंद से तीन गिरफ्तार
2023 में रायपुर में 5.39 करोड़ रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार असीम दास ने भी अपने बयान में शुभम सोनी के निर्देश पर भूपेश बघेल तक पहुंचाने की बात कही थी। इस मामले में कई अधिकारियों को गिरफ्तार भी किया गया है।