
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को 1,09,019 करोड़ रुपये की कर हस्तांतरण राशि जारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये मिले हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि कर हस्तांतरण राशि जारी करने का यह निर्णय सहकारी संघवाद की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला है। यह राशि राज्य में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अन्य विकास कार्यों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ वन विभाग में आइएफएस अधिकारियों की कमी, चार वरिष्ठ अधिकारी इसी महीने होने वाले हैं रिटायर
समय पर कर हस्तांतरण से राज्यों की वित्तीय क्षमता मजबूत होती है, जिससे विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आती है और आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचता है। वित्त मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए समृद्ध और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।