
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड एग्जाम की फीस और 9वीं के रजिस्ट्रेशन की फीस जमा करने की लास्ट डेट 30 सितंबर तय की है। लेकिन फीस जमा करने की लास्ट डेट से पहले ही लगातार पांच दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में स्कूलों ने बच्चों से जो फीस ली है, उसे मंडल के खाते में जमा कराना मुश्किल हो गया है।
26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने की वजह से बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंकों की तीन दिन की हड़ताल होने वाली है। मतलब 30 सितंबर तक फीस जमा करने के लिए स्कूलों के पास बैंक में जाकर काम कराने का एक भी दिन नहीं बचेगा। इससे पूरे प्रदेश में स्कूलों की फीस जमा करने का काम अटकने वाला है।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि पहले से तय छुट्टियों की वजह से सितंबर में स्कूलों के पास फीस का काम पूरा करने के लिए बहुत कम दिन बचे हैं। कई स्कूलों ने बच्चों से फीस ले ली है। लेकिन बैंक बंद होने की वजह से उसे तय तारीख तक मंडल के खाते में जमा करना पॉसिबल नहीं हो पा रहा है।
अब स्कूलों के सामने सबसे बड़ी टेंशन यही है कि बच्चों से फीस लेने के बाद उसे तय तारीख में मंडल में कैसे जमा करें। 26 और 27 सितंबर को छुट्टी और 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल की वजह से बैंक का कोई भी काम नहीं हो पाएगा।
यह भी पढ़ें- Indian Railways: ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन को हरी झंडी, रायपुर-भिलाई पहुंचना होगा आसान
संजय शर्मा ने कहा कि 26 से 30 सितंबर तक लगातार बैंक बंद रहने को देखते हुए मंडल को इस परेशानी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मंडल से एग्जाम फीस और 9वीं के रजिस्ट्रेशन की फीस जमा करने की लास्ट डेट बढ़ाने और फीस जमा करने के लिए दूसरा ऑप्शन देने की मांग की है।