
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड के ग्राम तर्रा में प्रदेश का पहला सोलर बालिका शौचालय तैयार किया गया है। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) के तहत संचालित मेरी बेटी-मेरा अभिमान अभियान के अंतर्गत इसका निर्माण किया गया है। इस शौचालय पर सात लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
नए शौचालय से विद्यालय की 70 छात्राओं और दो महिला शिक्षिकाओं को राहत मिलेगी। शौचालय में सौर ऊर्जा से प्रकाश व्यवस्था, पानी के लिए नल और टंकी तथा सेनेटरी पैड नष्ट करने की मशीन लगाई गई है। दिव्यांग बालिकाओं के लिए अलग शौचालय के साथ रैंप और रेलिंग की सुविधा भी दी गई है।
पहले विद्यालय का पुराना शौचालय जर्जर होने से छात्राओं को काफी परेशानी होती थी। कई बार उन्हें शौच के लिए घर जाना पड़ता था। नए निर्माण से अब परिसर में ही स्वच्छ सुविधा मिलेगी।
जनपद पंचायत अभनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दयानंद देवांगन ने बताया कि अभियान के तहत क्षेत्र में 94 बालिका शौचालयों के निर्माण के लिए स्थल चिह्नित किए गए हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी 2027 तक ग्रामीण शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय सुविधा सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़ें- CG Police Promotion: छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, 12 पुलिस अधिकारियों को प्रमोशन, गृह विभाग ने जारी किया आदेश