
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति मिली है। अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव कुमार पाण्डेय अब आईएएस अफसर बन गए हैं।
केंद्र सरकार ने गुरुवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर तीनों अधिकारियों को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया है। यह नियुक्ति वर्ष 2025 की रिक्तियों के आधार पर जारी चयन सूची के तहत की गई है। अब तीनों अधिकारियों की नई पदस्थापना को लेकर राज्य सरकार के अगले आदेश पर नजरें टिकी हैं।
कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, तीनों अधिकारियों को आगामी आदेश तक परिवीक्षा पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त किया गया है। चयन प्रक्रिया एक जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर पूरी की गई है। आदेश पर भारत सरकार के अवर सचिव आरके यादव के हस्ताक्षर हैं।
आईएएस में पदोन्नति पाने वाले अभिषेक अग्रवाल का जन्म 30 अप्रैल 1983 को हुआ था। वे रायपुर नगर निगम में अपर आयुक्त भी रह चुके हैं, जबकि सचिन भूतड़ा की जन्मतिथि एक अगस्त 1981 और राजीव कुमार पाण्डेय की जन्मतिथि पांच मई 1983 है।
राज्य सेवा से आईएएस में पदोन्नति के बाद तीनों अधिकारियों की प्रशासनिक जिम्मेदारियों का दायरा बढ़ेगा। हालांकि, केंद्र की अधिसूचना में उनकी नई पदस्थापना का उल्लेख नहीं है। विभागों या जिलों में जिम्मेदारी सौंपने के लिए राज्य सरकार अलग से आदेश जारी कर सकती है। माना जा रहा है कि जल्द ही सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इनकी नई पोस्टिंग को लेकर आदेश जारी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- CG Police Promotion: छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, 12 पुलिस अधिकारियों को प्रमोशन, गृह विभाग ने जारी किया आदेश