_m.webp)
संदीप तिवारी, नईदुनिया. रायपुर : छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण का मतदान राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी अहम है। 26 अप्रैल को राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद लोकसभा सीट में चुनाव होने जा रहा है। इनमें राजनांदगांव लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें टिकी हुई है क्योंकि कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चुनाव लड़ रहे हैं। भूपेश का मुकाबला भाजपा नेता व मौजूदा सांसद संतोष पांडेय से है।
महासमुंद से कांग्रेस की तरफ से पूर्व गृह मंत्री रहे ताम्रध्वज साहू मैदान में हैं, उनके सामने भाजपा नेत्री व पूर्व विधायक रूपकुमारी चौधरी लड़ रही हैं। इसी तरह, नक्सल प्रभावित कांकेर लोकसभा सीट पर भाजपा से पूर्व विधायक भोजराज नाग और कांग्रेस से बीरेश ठाकुर चुनावी मैदान में हैं।
दूसरे चरण में होने वाले तीनों सीटों पर चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार, इस चुनाव में भाजपा से ज्यादा कांग्रेस को चुनौती है क्योंकि तीनों सीटों पर मौजूदा सांसद भाजपा के ही हैं। भाजपा के सामने गढ़ को बरकरार रखने की चुनौती है और कांग्रेस को भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने की चुनौती है। दूसरे चरण में सभी तीन लोकसभा सीटों पर कुल 41 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें राजनांदगांव लोकसभा में 15, महासमुंद में 17 और कांकेर में नौ प्रत्याशी शामिल हैं।
महासमुंद लोकसभा सीट पर भाजपा-कांग्रेस ने जातिगत दांव खेला है। भाजपा ने महिला प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी पर दांव खेला है वहीं, कांग्रेस ने पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को मैदान में उतारा है। ओबीसी(अन्य पिछड़ा वर्ग) बाहुल्य लोकसभा सीट होने के नाते दोनों ही प्रमुख पार्टियों ने ओबीसी समाज को साधने की कोशिश की है। पिछले तीन लोकसभा चुनाव के परिणाम में भाजपा ने यहां लगातार अपना लोहा मनवाया है।
2009 में भाजपा नेता चंदूलाल साहू, 2014 में दोबारा चंदूलाल साहू और 2019 के चुनाव में भी भाजपा के चुन्नीलाल साहू चुनाव जीते थे। विधानसभा चुनाव 2023 के समीकरण से देखें तो यहां भाजपा-कांग्रेस दोनों की बराबरी है। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल आठ विधानसभा क्षेत्र (सामान्य- छह, अजा- दो) आते हैं। इनमें खल्लारी, सराईपाली, बिंद्रानवागढ़ और धमतरी में कांग्रेस के विधायक हैं। जबकि बसना, महासमुंद, राजिम और कुरूद में भाजपा विधायक हैं।
राजनांदगांव लोकसभा सीट में भाजपा ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक की पृष्ठभूमि वाले मौजूदा सांसद संतोष पांडेय को दोबारा मैदान में उतारा है। उनके सामने कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में यह सीट अधिक रोचक हो गई है और सभी की निगाहें यहां टिकी हुई है। इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की भी साख दांव पर है क्योंकि यह उनका विधानसभा क्षेत्र भी है।
हालांकि रमन विधानसभा अध्यक्ष होने के नाते इस बार प्रत्यक्ष राजनीति में नहीं हैं परन्तु यह सीट भाजपा को फिर जीतना उनके लिए अहम है। कांग्रेस ने लोकसभा क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग की बहुलता को देखते हुए ओबीसी समाज से भूपेश बघेल को मैदान में उतारकर पिछड़ा कार्ड खेला है तो वहीं भाजपा ने जातिगत समीकरण को नजरअंदाज करते हुए सामान्य वर्ग से ही कवर्धा निवासी संतोष पांडेय को दोबारा प्रत्याशी बनाकर सबको चौंका दिया है।
राजनांदगांव वही सीट है, जहां से भाजपा नेता व तीन बार मुख्यमंत्री रहे डा. रमन सिंह और उनके बेटे अभिषेक सिंह भी सांसद रहे हैं। 1999 के चुनाव में डा. रमन सिंह जीते थे। इसके बाद 2004 में भी भाजपा के प्रदीप गांधी चुनाव जीते थे मगर 2007 के उप चुनाव में कांग्रेस के देवव्रत सिंह ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने में सफलता हासिल की थी। इसके बाद 2009 में भाजपा के मधुसूदन यादव, 2014 में भाजपा के अभिषेक सिंह और 2019 के चुनाव में भाजपा के संतोष पांडेय सांसद निर्वाचित हुए थे।
कांकेर लोकसभा सीट मध्य प्रदेश के जमाने से भाजपा का अभेद्य गढ़ रही है। यहां 1998 से अब तक लगातार भाजपा के प्रत्याशी जीत रहे हैं। लोकसभा चुनाव 1998, 1999, 2004 और 2009 में लगातार चार बार भाजपा नेता सोहन पोटाई चुनाव जीते। इसके बाद 2014 के चुनाव में विक्रम उसेंडी सांसद बने। पिछली बार 2019 के चुनाव में भाजपा के मोहन मंडावी ने लोकसभा चुनाव जीता था। अभी भोजराज नाग मैदान में हैं।