
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ में परिसीमन बिल लागू होने के बाद लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। वर्तमान में राज्य में लोकसभा की 11 सीटें हैं, जो परिसीमन के बाद बढ़कर 16 हो जाएंगी। यानी प्रदेश में लोकसभा की कुल पांच नई सीटें जुड़ेंगी। इसके साथ ही राज्य में विधानसभा सीटों की संख्या भी बढ़कर 135 हो जाएगी।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के अनुसार, परिसीमन के पश्चात छत्तीसगढ़ में लोकसभा सीटों की संख्या में पांच की वृद्धि होगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश की मौजूदा 11 लोकसभा सीटों में से 10 पर भारतीय जनता पार्टी और एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिसीमन बिल का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में जनप्रतिनिधित्व के अवसर बढ़ेंगे। निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ने से अधिक लोगों को जनसेवा और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और उनका प्रतिनिधित्व बढ़ाने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि परिसीमन व्यापक जनहित और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने से जुड़ा विषय है। सभी राजनीतिक दलों को इस पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए और संसद में प्रस्ताव आने पर इसे सर्वसम्मति से पारित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
यह भी पढ़ें- रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में 376 करोड़ से बनेगा 700 बिस्तरों का नया भवन, सीएम साय करेंगे शिलान्यास