
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक दक्षिणी हिस्से के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 17 अक्टूबर को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक नौ सेंटीमीटर वर्षा छिंदगढ़ में हुई। बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और कुआकोंडा में दो-दो सेंटीमीटर, जबकि कटेकल्याण में एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के सड़कों की बदलेगी तस्वीर... सड़क-पुलों पर खर्च होंगे ₹244 करोड़, शहर से गांव तक मजबूत होगी कनेक्टिविटी
राजधानी में 17 अक्टूबर को आकाश मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव और गरज-चमक के साथ वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।