
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। बस्तर जिले के जगदलपुर में 25 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि लोहंडीगुड़ा में 23 और बास्तानार व नानगुर में 220-220 मिमी पानी गिरा। रायपुर शहर में भी 110 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच रायपुर के पास बना अवदाब अगले 12 घंटे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा। इसके बाद इसके कमजोर होकर स्पष्ट रूप से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से शनिवार को प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
पिछले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहा। जगदलपुर में 25, लोहंडीगुड़ा में 23, बास्तानार और नानगुर में 22-22, भानपुरी और मर्दापाल में 21-21 तथा तोकापाल और माकड़ी में 20-20 मिमी बारिश हुई। बस्तर में 190, केशकाल में 190 और बड़े बचेली में 180 मिमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर शहर में 110 मिमी बारिश हुई। दुर्ग में 140 मिमी, राजनांदगांव में 90 मिमी और बिलासपुर में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान पेंड्रारोड में रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान भी पेंड्रारोड में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 26 सितंबर को बंद रहेंगे सभी स्कूल, खराब मौसम और बारिश के कारण छुट्टी घोषित, सीएम साय का एलान
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा। कुछ बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और फैलाव में कमी आने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है।