
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह विदाई की ओर बढ़ गया है, लेकिन अभी भी कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आठ अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के कुछ और हिस्सों से वापस लौट गया। पिछले 24 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा और मेघगर्जन हुई।
कुसमी में 50-50 मिमी बारिश दर्ज की गई। चांदो में 30, जबकि लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा और दुर्ग में 20-20 मिमी बारिश हुई। केशकाल, मैनपाट और ससनोसट में एक-एक मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद अगले दो दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। गुरुवार को रायपुर में दिन का तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आठ अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के शेष हिस्सों के साथ गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ हिस्सों तथा झारखंड और प्रदेश के कुछ और क्षेत्रों से वापस लौटा। मानसून की वापसी की रेखा अब रांची, बीजापुर, हैदराबाद और पणजी से होकर गुजर रही है।
बिजली गिरने से तीन की मौत बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। लखोदना में खेत में काम कर रहे मन्ना यादव और कुंजराम यादव इसकी चपेट में आए। वहीं मानपुर में बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर बिजली गिर गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: जबलपुर-रीवा समेत 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, किसानों के लिए चेतावनी जारी
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा प्रदेश में गुरुवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। रायपुर 33.8, जगदलपुर 33.6, पेंड्रारोड 32.6, बिलासपुर 32.4, दुर्ग 32.2 और अंबिकापुर 31.1 डिग्री रहा। रात में पेंड्रारोड 18.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।