
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे ठंड का असर बढ़ेगा।
रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। दिन के तापमान में गिरावट के बावजूद रात में अपेक्षित ठंड नहीं पड़ रही है।
शहर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग ने 23 नवंबर को आकाश आंशिक मेघमय रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
प्रदेश में रविवार को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। दुलदुला और पत्थलगांव में तीन-तीन सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री भी जगदलपुर में दर्ज किया गया।
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम 20.9 डिग्री, पेंड्रारोड में 26.2 और 17.6 डिग्री, अंबिकापुर में 27.1 और 19.2 डिग्री तथा दुर्ग में 28.6 और 16.4 डिग्री दर्ज किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।
यह भी पढ़ें- महासमुंद में कॉन्स्टेबल और उसके रिटायर्ड पिता पर मतांतरण का आरोप, सर्व हिंदू समाज ने एसपी से की जांच की मांग