
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) में अध्यक्ष का पद ढाई महीने से रिक्त है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से आयोग की कई अहम गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नौ नवंबर को राज्य सरकार ने अध्यक्ष पद के लिए सेवानिवृत्त आईएएस महादेव कांवरे और नरेन्द्र दुग्गा के नाम का पैनल राज्यपाल की अनुमति के लिए लोकभवन भेजा था।
कांवरे 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे रायपुर और बिलासपुर के संभागायुक्त तथा जशपुर और बेमेतरा के कलेक्टर सहित कई पदों पर काम कर चुके हैं।
दुग्गा भी छत्तीसगढ़ कैडर के 2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और सरगुजा संभाग के आयुक्त हैं। दोनों में से कांवरे के नाम पर मुहर लगने की सूचना है, लेकिन कार्यालयीन देरी के कारण फाइल सामान्य प्रशासन विभाग तक नहीं पहुंच सकी है।
नियुक्ति में विलंब से 26 नवंबर, संविधान दिवस पर जारी होने वाला राज्य सिविल सर्विस परीक्षा का विज्ञापन भी अटक सकता है। लोकभवन के सचिव डॉक्टर सीआर प्रसन्ना ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इन्कार किया।
यह भी पढ़ें- Weather Update: जबलपुर में मौसम ने बदला रंग, धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली का खेल; दो डिग्री गिरा पारा
ढाई महीने से नियुक्ति अटकी
पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य के आठ सितंबर को पदमुक्त होने के बाद से राज्य सेवा परीक्षा-2025 के साक्षात्कार, नई भर्ती परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा और अंतिम चयन सूची जारी करने जैसे काम प्रभावित हैं। परीक्षा कैलेंडर आगे नहीं बढ़ने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों की योजना पर असर पड़ा है।
खासकर आयु सीमा के करीब पहुंच चुके उन युवाओं को चिंता है, जिनके पास एक या दो अवसर ही बचे हैं। आयोग के अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले भी लंबित हैं। अभ्यर्थियों ने शासन से जल्द अध्यक्ष नियुक्त कर भर्ती प्रक्रियाओं को गति देने की मांग कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। वहीं विपक्ष भी नियुक्ति में देरी से राज्य सरकार पर हमलावर है।
यह भी पढ़ें- रायपुर रेलवे स्टेशन पर दो साल की बच्ची की पटककर हत्या, सौतेला पिता हिरासत में, FIR दर्ज