CGST Protest: 30 साल की नौकरी में सिर्फ एक प्रमोशन, छत्तीसगढ़ समेत देशभर में ब्लैक बैज आंदोलन
प्रमोशन में देरी और करियर में ठहराव के खिलाफ देशभर के सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) सुपरिटेंडेंट्स ने ब्लैक बैज आंदोलन शुरू किया है। रायपुर समेत प्रदेशभर के अधिकारी 23 नवंबर से काला बैज लगाकर काम कर रहे हैं।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 03:22:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 03:22:18 PM (IST)
रायपुर में भी सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) सुपरिटेंडेंट्स ने ब्लैक बैज आंदोलन शुरू किया है।HighLights
- 30 साल की लंबी सेवा में महज एक प्रमोशन मिलने से सीजीएसटी कैडर में भारी रोष
- वर्ष 2014 से लंबित वरिष्ठता सूची जारी करने और कैडर पुनर्गठन की उठाई मांग
- रायपुर समेत देशभर के अधिकारी काला बैज पहनकर कर रहे नियमित सरकारी कामकाज
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। करियर में ठहराव और प्रमोशन में लगातार हो रही देरी के विरोध में देशभर के सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) सुपरिटेंडेंट्स ने राष्ट्रव्यापी ब्लैक बैज आंदोलन शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ सेंट्रल टैक्स गजेटेड एग्जीक्यूटिव ऑफिसर्स के नेतृत्व में रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में अधिकारी 23 नवंबर से बांह पर काला बैज पहनकर सरकारी कामकाज कर रहे हैं।
एसोसिएशन का स्पष्ट कहना है कि 30 साल की लंबी सेवा देने के बाद भी अधिकारियों को महज एक प्रमोशन मिलना पूरे कैडर के साथ घोर अन्याय है। प्रमोशन के अवसर रुके होने के कारण देशभर के अधिकारियों में भारी असंतोष और रोष व्याप्त है।
2014 से लंबित है वरिष्ठता सूची
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के मुताबिक, अधिकारियों की अखिल भारतीय वरिष्ठता सूची वर्ष 2014 से लंबित पड़ी हुई है। पिछले एक दशक से अधिक समय से सीनियरिटी लिस्ट अपडेट नहीं होने के कारण आगे के प्रमोशन की पूरी प्रक्रिया ठप पड़ गई है। इसका सीधा नुकसान यह हो रहा है कि बड़ी संख्या में योग्य अधिकारी वर्षों से एक ही पद पर काम करने को मजबूर हैं और बिना उचित पदोन्नति पाए ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। संगठन ने केंद्र सरकार और विभाग से लंबित सीनियरिटी लिस्ट तत्काल जारी करने तथा समय के अनुरूप कैडर का पुनर्गठन (कैडर रीस्ट्रक्चरिंग) करने की पुरजोर मांग उठाई है।
इंस्पेक्टर्स एसोसिएशन का भी मिला समर्थन
सीजीएसटी सुपरिटेंडेंट्स के इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन को सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर्स एसोसिएशन सहित विभाग के अन्य प्रमुख कर्मचारी संगठनों का भी खुला समर्थन मिल गया है। इससे आंदोलन को और अधिक बल मिला है। अधिकारियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से पत्राचार और बैठकों के माध्यम से अपनी जायज मांगों को प्रशासन के सामने रख रहे हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकलने के कारण उन्हें शांतिपूर्ण विरोध का यह रास्ता अपनाना पड़ा है।
कामकाज प्रभावित किए बिना जारी विरोध
आंदोलन के तहत अधिकारी राजस्व संग्रह और करदाताओं से जुड़े नियमित सरकारी कामकाज को प्रभावित किए बिना काला बैज पहनकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही प्रमोशन संबंधी विसंगतियों को दूर नहीं किया और कैडर की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण नहीं किया, तो संगठन आगे की रणनीति तय करने को बाध्य होगा।