
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। छत्तीसगढ़ की सियासत में भिलाई में आयोजित एक दोपहर भोज ने राजनीतिक गलियारों की हलचल तेज कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के स्वागत में यह लंच रखा था, लेकिन इसमें पार्टी के दिग्गज नेताओं के जुटान ने इसे एक बड़े सियासी शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। एक ही छत के नीचे नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी से प्रभारी के सामने पार्टी की एकजुटता दिखाने का बड़ा संदेश दिया गया है।
सुखदेव भगत के भिलाई आगमन पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने उनके सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन किया था। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, विधायक उमेश पटेल और पूर्व विधायक अरुण वोरा समेत संगठन के कई वरिष्ठ नेता एक साथ नजर आए।
यह भी पढ़ें- Mahadev Satta : महादेव सट्टे की कमाई से 500 करोड़ की फिल्म बनाने की थी योजना, बड़े सितारों पर थी नजर
प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के सामने कांग्रेस के तमाम बड़े चेहरों की यह मौजूदगी कई मायनों में अहम मानी जा रही है। प्रदेश में संगठन की मजबूती, आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी की चर्चाओं के बीच इस आयोजन को डैमेज कंट्रोल और समन्वय की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। भूपेश बघेल की मेजबानी में प्रमुख नेताओं का एक साथ जुटना यह संकेत देता है कि शीर्ष नेतृत्व और संगठन के बीच संवाद बनाकर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।
यह भी पढ़ें- CG में विधायक तुलेश्वर मरकाम के काफिले पर पथराव, साइड कांच चकनाचूर, वाई-प्लस सुरक्षा की मांग