_m.webp)
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा का शिलान्यास किया जाएगा। इसके विकसित होने पर भविष्य में 300 हाई पावर इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव की क्षमता बनेगी। इससे रेल परिचालन और माल परिवहन को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई रेल लाइनें, यात्री सेवाएं और आधुनिक अधोसंरचना छत्तीसगढ़ के विकास को गति देंगी। रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद यात्री सेवाओं से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार, कृषि और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
दल्लीराझरा-रावघाट के बीच रेल लाइन का काम पूरा
दल्लीराझरा-रावघाट के बीच 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा हो गया है। ताड़ोकी-रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर लाइन बनने से परियोजना पूर्ण हुई। इससे क्षेत्र में परिवहन, रोजगार, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को मदद मिलेगी। लौह अयस्क परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र के लिए भी यह संपर्क अहम है।
अभनपुर-कुरूद के बीच 22 किलोमीटर लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो गया है। कुरूद-धमतरी सेक्शन का काम जारी है।