
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और छात्रों के बीच बैठक हुई। करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में प्रदेश के विभिन्न शासकीय मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डाक्टर शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री ने स्टाइपेंड वृद्धि के संबंध में इस माह के अंत तक आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए अपना आंदोलन 30 अगस्त तक स्थगित कर दिया है। डाक्टरों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त नहीं किया गया है। तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा आंदोलन शुरू किया जा सकता है। बैठक में आइएमए-एमएसएन छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक शाहदिल खुसरू, को-चेयरमैन डा. निलय तिवारी, आइएमए-जेडीएन के संयोजक डा. प्रशांत अन्नेपु समेत विभिन्न मेडिकल कालेजों के इंटर्न डाक्टर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के इंटर्न डॉक्टरों का बढ़ेगा स्टाइपेंड... स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद 20 दिन पुराना आंदोलन स्थगित
शाहदिल खुसरू ने बताया कि पिछले दो महीने में स्वास्थ्य मंत्री के साथ करीब आठ बैठकें हो चुकी हैं। स्टाइपेंड वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव और नीति का प्रारूप आइएमए-एमएसएन ने तैयार किया है। फिलहाल मंत्रालय स्तर पर इसी प्रस्ताव पर कार्रवाई चल रही है। वर्तमान में इंटर्न डाक्टरों को 15,900 रुपये स्टाइपेंड मिलता है। इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। संगठन ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।