
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर : मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। 31 अक्टूबर को बंद होने वाली स्टाफ बस सेवा अब 30 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी।
राज्य सरकार ने एक नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक बस संचालन की अवधि बढ़ा दी है। इसके लिए प्रति बस पास 3,066 रुपये की मासिक प्रस्तावित दर को मंजूरी दी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव पुलक भट्टाचार्य ने रायपुर नगर निगम आयुक्त और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) के सीईओ को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। नई व्यवस्था शुरू होने या निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक, अधिकतम छह महीने के लिए वर्तमान व्यवस्था जारी रहेगी। इस दौरान एनआरडीए को बस संचालन के लिए अनुबंध बढ़ाने के लिए अधिकृत किया है।
यह भी पढ़ें- चांदी वर्क की जगह एल्युमिनियम तो नहीं खा रहे रायपुर के लोग, खाद्य विभाग ने इकट्ठा किए सैंपल
सरकार ने बसों का नियमित मेंटेनेंस और जांच कराने के निर्देश दिए हैं। खराब बसों के स्थान पर जल्द नई बसें उपलब्ध करानी होंगी। किसी बस के खराब होने पर तत्काल वैकल्पिक बस की व्यवस्था करनी होगी। चालकों और परिचालकों का नियमित मेडिकल परीक्षण कराने के साथ कर्मचारियों से ठीक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा गया है। बसों का संचालन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्धारित समय के अनुसार करना होगा।