
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के लिए अमर्यादित टिप्पणी पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेताओं ने इसे भाषा की मर्यादा के खिलाफ बताया है। वहीं, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। दोनों दलों के नेताओं ने एक-दूसरे पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में हजारों का आया है ई- चालान, घबराएं नहीं, 45 दिन में करें यहां पर शिकायत, जानिए पूरी प्रक्रिया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के छोटे-बड़े नेता खरगे के बयान को लेकर शोर मचा रहे हैं, जबकि उन्होंने प्रधानमंत्री के पिता के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की। यह पुरानी कहावत है कि ‘वो क्या, उसका बाप भी जाएगा।’ खरगे ने वोट चोरी, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। भाजपा को इन मुद्दों पर बात करनी चाहिए।
कुरूद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने खरगे की टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि खरगे 80 साल से ज्यादा के हो गए हैं। शायद उनकी बुद्धि अब काम नहीं कर रही है। उन्हें संन्यास ले लेना चाहिए। प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी करना निंदनीय है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में बंद फैक्ट्री के चौकीदार को बांधकर डकैती, 17 लाख का माल बरामद, तीन आरोपित गिरफ्तार