
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग (छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस) में तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ से 44 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही है। रेल श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष नजीर अहमद ने इस मामले की शिकायत सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) रायपुर से की है। इसके अनुसार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में कार्यरत वाणिज्य विभाग के टीटीई कर्मचारियों को लगातार तीन दिन तक यानी ट्रेन के छूटने के स्टेशन से गंतव्य स्टेशन पहुंचने तक ड्यूटी करनी पड़ती है।
इस दौरान वे लगभग 44 घंटे लगातार काम करते हैं, जबकि इसके एवज में उन्हें केवल एक दिन का विश्राम दिया जाता है। कर्मचारियों का लगभग 20 घंटे अतिरिक्त कार्य बनता है, जिसके चलते टीटीई कर्मचारी नियमानुसार ओवरटाइम के पात्र हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त विश्राम मिल रहा है और न ही अतिरिक्त कार्य का उचित लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है।
मामले की शिकायत 27 अगस्त को की गई थी। क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने 23 अक्टूबर को मामले में सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को बुलाया था। जिसमें रेलवे की ओर से एसीएम और शिकायत कर्ता ने अपने अपने पक्ष रखे हैं। एसीएम ने श्रम आयुक्त को बताया कि यूनियन अनुरोध को स्वीकार करते हुए 16 अब्टूबर को टीटी स्टाफ के कटनी तक ड्यूटी करने के लिए जोन मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- यह कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन', PM मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़के CM साय, मल्लिकार्जुन खरगे पर किया पलटवार