
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले आम यात्रियों को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। एक वर्ष के भीतर राज्य में दूसरी बार यात्री बसों के किराए में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे त्योहार पर घर जाना और भी मुश्किल हो गया है। एक तरफ जहां ट्रेनों में कंफर्म टिकटों के लिए भारी मारामारी मची है, वहीं दूसरी ओर बसों का किराया बढ़ने से आम आदमी की जेब पर दोहरा बोझ पड़ रहा है।
प्रदेश में 5 हजार साधारण बस
प्रदेश में पंजीकृत 13 हजार से अधिक बसों में करीब पांच हजार साधारण बसें हैं, जिनका उपयोग मुख्य रूप से मध्यम और आम वर्ग के लोग करते हैं। परिवहन विभाग ने साधारण बसों का प्रति किलोमीटर किराया एक रुपये से बढ़ाकर सीधे 1.75 रुपये कर दिया है, जो कि 75 प्रतिशत की भारी वृद्धि है।
इसके अलावा शुरुआती पांच किलोमीटर का न्यूनतम किराया आठ रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है। किराए में इस बेतहाशा बढ़ोतरी के कारण यात्रियों को अब लंबा सफर करने के लिए काफी अधिक राशि चुकानी होगी। त्योहारी सीजन में अचानक हुए इस इजाफे से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 15 लाख लोगों ने नहीं दिया चालान, अब वाहनों की न सर्विसिंग होगी और न कटेगा बीमा; PUC पर भी रहेगी रोक
अंबिकापुर का 230 तो जशपुर के लिए 346 रुपये अतिरिक्त किराया
यात्री बसों के किराए में बढ़ोतरी की वजह से लंबी दूरी के यात्रियों को इस किराए वृद्धि का ज्यादा असर पड़ रहा है। रायपुर से बिलासपुर की यात्रा करने पर यात्रियों को 95 रुपये ज्यादा देने होंगे। वहीं रायगढ़ जाने के लिए 200 रुपये, अंबिकापुर के लिए 230 रुपये और सुदूर अंचल जशपुर नगर के लिए सबसे अधिक 346 रुपये अतिरिक्त किराया चुकाना पड़ रहा है।
त्योहारी सीजन के बीच अचानक बढ़े इन दामों से आम जनता की जेब पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ बढ़ गया है।
प्रमुख शहरों के लिए पुराना और नया किराया (साधारण बस)
| गंतव्य | रायपुर से दूरी | पुराना किराया | नया किराया | बढ़ोतरी |
| कवर्धा | 120 किमी | 123 | 211 | 88 |
| बिलासपुर | 130 किमी | 133 | 228 | 95 |
| कोरबा | 200 किमी | 203 | 351 | 148 |
| रायगढ़ | 270 किमी | 273 | 473 | 200 |
| जगदलपुर | 297 किमी | 300 | 521 | 221 |
| अंबिकापुर | 310 किमी | 313 | 543 | 230 |
| सुकमा | 378 किमी | 381 | 662 | 281 |
| जशपुर नगर | 464 किमी | 467 | 813 | 346 |
(नोट: उपर्युक्त दरें केवल साधारण बसों के लिए हैं, जो डीलक्स, लग्जरी और एसी स्लीपर बसों पर भी लागू होंगी।)