
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मौसम धीरे-धीरे करवट लेने लगा है। रात और सुबह की हवा में ठंडक घुलने लगी है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने के साथ ही गुलाबी ठंड का अनुभव होने लगा है। राजधानी रायपुर में भी रात का तापमान 22.2 डिग्री रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद पारे में एक से तीन डिग्री तक गिरावट आने से सुबह और रात में ठंड बढ़ सकती है।
छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग में पारा गिरने लगा है। मंगलवार को अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 और माना विमानतल पर 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.6, जगदलपुर में 20 तथा राजनांदगांव में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन में गर्मी, रात में ठंड का आभास
रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर होने के कारण दोपहर में गर्मी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को रायपुर का आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
यह भी पढ़ें- Indian Railways Cancelled Trains: चक्रधरपुर में नवंबर से मेगा ब्लाक छह ट्रेनें कैंसल, दो का बदलेगा रूट