छत्तीसगढ़ की पलक सिंह और महक नरवसे का भारतीय महिला अंडर-19 टीम में चयन, इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगी टी-20 सीरीज
छत्तीसगढ़ की पलक सिंह और महक नरवसे का चयन भारतीय महिला अंडर-19 टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेंगी।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 06:31:48 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 06:31:48 PM (IST)
पलक सिंह, महक नरवसे - फोटो संघHighLights
- भारत और इंग्लैंड के बीच 26 नवंबर से पांच मुकाबले।
- पलक मध्यम तेज गेंदबाज और महक हैं गेंदबाजी आलराउंडर।
- वडोदरा और सूरत में खेले जाएंगे सीरीज के सभी मैच।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: प्रदेश की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) की दो होनहार खिलाड़ी पलक सिंह और महक नरवसे का चयन भारतीय महिला अंडर-19 टी-20 टीम में किया गया है।
दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड की महिला अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह सीरीज 26 नवंबर से आयोजित होगी। दोनों खिलाड़ियों के चयन से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है।
पलक सिंह मध्यम तेज गेंदबाज हैं, जबकि महक नरवसे गेंदबाजी आलराउंडर के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। दोनों ने घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। महक भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान भी रह चुकी हैं।
106 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर चुकी हैं पलक
पलक सिंह छत्तीसगढ़ की उभरती हुई मध्यम तेज गेंदबाज हैं। अपनी गति, गेंदबाजी कौशल और अनुशासन के दम पर उन्होंने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। पिछले वर्ष आयोजित वुमेंस प्रीमियर लीग की स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में पलक ने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया था। उनकी तेज गेंदबाजी और निरंतर बेहतर प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम तक पहुंचाया है। पिछले वर्ष घरेलू क्रिकेट में उन्होंने आठ मैचों में पांच विकेट हासिल किए थे।
महक ने पिछले सत्र में 212 रन बनाए, 20 विकेट भी झटके
महक नरवसे छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली गेंदबाजी आलराउंडर हैं। वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम के लिए उपयोगी साबित होती रही हैं। पिछले घरेलू सत्र में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा। सीनियर महिला वनडे ट्राफी 2025-26 में महक ने 212 रन बनाने के साथ 20 विकेट हासिल किए। महिला अंडर-19 वनडे ट्राफी में चार मैचों में 67 रन बनाए और आठ विकेट झटके। वहीं महिला अंडर-23 टी-20 ट्राफी में 53 रन बनाने के साथ सात विकेट हासिल किए। महिला अंडर-19 टी-20 ट्राफी में भी चार मैचों में पांच विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी क्षमता साबित की।
वडोदरा और सूरत में होंगे पांच मुकाबले
भारत और इंग्लैंड की महिला अंडर-19 टीमों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला 26 नवंबर को वडोदरा में शाम छह बजे होगा। दूसरा मैच 28 नवंबर को वडोदरा में दोपहर एक बजे खेला जाएगा। इसके बाद तीसरा मुकाबला एक दिसंबर, चौथा तीन दिसंबर और पांचवां मुकाबला छह दिसंबर को सूरत में होगा। तीसरा और चौथा मैच शाम छह बजे, जबकि अंतिम मुकाबला दोपहर एक बजे शुरू होगा।