ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर पुलिसकर्मियों से भी ठगी, काम नहीं हुआ तो रकम भी नहीं लौटाई
रायपुर में ठग दीपक टंडन ने ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर 8-10 पुलिसकर्मियों से लाखों ठगे, काम नहीं हुआ और रकम भी नहीं लौटाई, पुलिस जांच में जुटी है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 06:20:34 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 06:20:34 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- 8-10 पुलिसकर्मियों से ठगी।
- ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर लाखों लिए।
- तीन मोबाइल और डीवीआर जब्त।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: ठगी और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन की पहुंच और उसके नेटवर्क को लेकर नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब तक आम लोगों और कारोबारियों को निशाना बनाने की चर्चा के बीच यह जानकारी भी सामने आई है कि आठ से 10 पुलिसकर्मी भी उसके झांसे में आकर लाखों रुपये गंवा चुके हैं। बताया जा रहा है कि इन पुलिसकर्मियों ने ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने के लिए दीपक को रकम दी थी, लेकिन काम नहीं होने के बाद भी उसने पैसे वापस नहीं किए। पुलिसकर्मी होने के कारण वे खुलकर शिकायत करने से बच रहे हैं।
फिलहाल तेलीबांधा पुलिस दीपक से लगातार पूछताछ कर रही है। उसके बैंक खातों, लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बावजूद अब तक पुलिस के हाथ कोई बड़ा सुराग नहीं लगा है। बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। इसके बाद रायपुर पुलिस भी दो बार उसकी पुलिस रिमांड ले चुकी है। कई दौर की पूछताछ के बावजूद ठगी की रकम, कथित संपर्कों और नेटवर्क को लेकर कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
पुलिस वाले नहीं आ रहे सामने
सूत्रों के मुताबिक, दीपक ने पुलिस विभाग के आठ से 10 कर्मचारियों को ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने का भरोसा दिलाकर लाखों रुपये लिए थे। इनमें कुछ पुलिसकर्मियों ने अपनी मनचाही जगह पर पदस्थापना के लिए रकम दी थी। लेकिन न तो उनका काम हुआ और न ही दीपक ने रकम लौटाई। अब वे अपनी शिकायत सार्वजनिक करने से बच रहे हैं। इसके अलावा कुछ अधिकारियों और अन्य प्रभावशाली लोगों से भी इसी तरह रकम लेने की जानकारी सामने आ रही है। पुलिस अब उसके संपर्कों और लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
कई सफेदपोशों से संपर्क होने का दावा
दीपक के संपर्क में कई प्रभावशाली लोग रहे हैं। वीआइपी रोड स्थित उसके होटल में पुलिस अधिकारियों, डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों और अन्य रसूखदार लोगों का आना-जाना था। उसने कई बड़े नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें भी इंटरनेट मीडिया पर साझा कर रखी थीं। इन्हीं संपर्कों का इस्तेमाल कर वह लोगों पर प्रभाव जमाता था। एक भाजपा नेत्री से भी लाखों रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन सभी दावों और संभावित पीड़ितों के संबंध में जांच कर रही है।
मोबाइल और डीवीआर से खुल सकते हैं नए राज
इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी दीपक के तीन मोबाइल फोन और होटल का डीवीआर माना जा रहा है। ये उपकरण फिलहाल बिलासपुर पुलिस के पास जब्त हैं और उनकी जांच की जा रही है। मोबाइल में मौजूद बातचीत, संपर्क, फोटो-वीडियो और डिजिटल लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर उसके नेटवर्क की जानकारी सामने आ सकती है। वहीं डीवीआर से होटल में आने-जाने वाले लोगों और उसकी गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। इन उपकरणों की जांच पूरी होने के बाद ठगी और ब्लैकमेलिंग से जुड़े नए नाम और तथ्य सामने आ सकते हैं।