
नईदुनिया प्रतिनिध, रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत वीआईपी चौक के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती सिटी बस अचानक आग का गोला बन गई। यह घटना जब्बार नाला के समीप घटित हुई। सिटी बस में अचानक धधक उठी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की स्पष्ट वजह फिलहाल अज्ञात है, जिसकी जांच की जा रही है।
.jpeg)
इस हादसे ने सिटी बस सेवा की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और जांच में यह बात सामने आई है कि बस में आग बुझाने के लिए कोई भी अग्निशमन उपकरण (Fire Extinguisher) उपलब्ध नहीं था। निजी एजेंसी द्वारा संचालित की जा रही इस सिटी बस सर्विस में सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी आम जनता की जान से सीधे तौर पर खिलवाड़ है। यदि बस में यात्री अधिक होते, तो बिना सुरक्षा उपकरणों के स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।

यह भी पढ़ें- हर 10 में से एक छात्र छोड़ रहा स्कूल, एमपी-छत्तीसगढ़ की स्थिति चिंताजनक, नीति आयोग की रिपोर्ट में खुलासा

घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। दमकल के पहुंचने में हुई देरी के कारण आग पूरी बस में फैल गई और देखते ही देखते लाखों की बस जलकर खाक हो गई। पंडरी पुलिस मामले की जांच कर रही है और संचालक एजेंसी की लापरवाही पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।