Raipur में कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा बयान, यूसीसी को बताया आदिवासियों के अधिकारों पर हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने यूसीसी का विरोध करते हुए कहा कि यह आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों और पेसा कानून के लिए खतरा है। उन्होंने सरकार से आपत्तियों को सार्वजनिक करने और लिखित गारंटी की मांग की।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 07:53:40 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 07:53:40 AM (IST)
Raipur में कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा बयान।HighLights
- कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने यूसीसी के सर्वे को दिखावा बताया।
- बैज के अनुसार, आदिवासी समाज समान नागरिक संहिता के खिलाफ है।
- यूसीसी से पेसा कानून और पांचवीं अनुसूची के अधिकार प्रभावित होंगे।
राज्य ब्यूरो, रायपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार आदिवासियों की मंशा के खिलाफ जाकर यूसीसी लागू करने की कोशिश कर रही है।
बैज ने यूसीसी के सर्वे को दिखावा बताते हुए कमेटी के सामने आई सभी आपत्तियों को सार्वजनिक करने और आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की सुरक्षा की लिखित गारंटी की मांग की है।
यूसीसी का सर्वे महज दिखावा
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया है कि आदिवासी समाज समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के खिलाफ है, लेकिन राज्य सरकार आदिवासियों की मंशा के विपरीत इसे लागू करने की कोशिश कर रही है।
- उन्होंने सरकार से यूसीसी कमेटी के सामने अब तक आई सभी आपत्तियों और सुझावों को सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि इसके समर्थन और विरोध की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। बैज ने कहा कि यूसीसी के नाम पर कराया जा रहा सर्वे महज दिखावा है। इसका मसौदा पहले से तैयार है और जनता की राय लेने की प्रक्रिया प्रायोजित है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ HC से कर्मचारी को बड़ी राहत! विभाग समय पर परीक्षा न कराए तो वेतनवृद्धि रोकना गलत
पारंपरिक व्यवस्था, पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून पर उठाए सवाल
- उन्होंने आशंका जताई है कि यूसीसी से आदिवासियों की पारंपरिक व्यवस्था, पांचवीं अनुसूची के अधिकार और पेसा कानून प्रभावित हो सकते हैं। इससे जल-जंगल-जमीन पर उनके पारंपरिक अधिकारों के सामने भी संकट खड़ा होगा। उन्हाेंने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि यूसीसी लागू होने पर पेसा कानून और पांचवीं अनुसूची के तहत पंचायतों के अधिकार यथावत रहेंगे या नहीं?
- बैगा, कमार, पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, अबुझमाड़िया और भुंजिया जैसी संरक्षित जनजातियों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा की क्या गारंटी है? उन्होंने आदिवासियों की जमीन के मालिकाना हक और सामुदायिक अधिकारों से जुड़े नियमों में हस्तक्षेप नहीं करने की लिखित गारंटी देने की मांग भी की है।