
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। खुद को बड़े नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों से ठगी करने के आरोपित दीपक टंडन के नेटवर्क की परतें अब उसकी सात डायरियों से खुल सकती हैं। पुलिस को एक लाल डायरी समेत सात डायरियां मिली हैं, जिनमें लेनदेन का पूरा हिसाब दर्ज है। किस व्यक्ति से कितनी रकम ली गई, किसे कितने रुपये दिए गए और दिनभर में कहां-कहां पैसा खर्च हुआ, इसका ब्योरा अलग-अलग डायरियों में लिखा गया है।
मुख्य बात यह है कि इन डायरियों में पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों के नाम भी मिले हैं। अब पुलिस इन नामों और रकम के लेनदेन का मिलान कर रही है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दीपक के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और ठगी से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची।
इस मामले में अब दीपक की पत्नी बरखा टंडन की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच तेज करेगी। बरखा पहले से जेल में बंद थी। अब दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन दोनों को 25 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। ठगी में बरखा की क्या भूमिका थी, पैसों के लेनदेन की जानकारी उसे थी या नहीं और होटल से जुड़े कारोबार व अन्य गतिविधियों का संचालन किस तरह किया जाता था, इन सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जाएगी।
दीपक टंडन के होटल वेलकम श्री में भी पुलिस ने जांच की है। तेलीबांधा में दर्ज पांच एफआईआर की जांच के सिलसिले में पुलिस उसे रविवार रात होटल लेकर पहुंची थी। इस दौरान होटल में संचालित स्पा की भी तलाशी ली गई।
पुलिस ने वहां से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर पुलिस यह पता लगा रही है कि स्पा में कौन-कौन आता था, ग्राहकों का रिकॉर्ड किस तरह रखा जाता था और वहां किन लोगों से मुलाकात होती थी।
पुलिस की जांच में दीपक टंडन पर करीब 35 से 40 लोगों के साथ ठगी करने का संदेह सामने आया है। इनमें कारोबारी, आम लोग, नेता और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी तक शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि वह खुद को मुख्यमंत्री, मंत्रियों, बड़े नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था। राज्य प्रशासनिक सेवा के कुछ अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर कराने का भरोसा देकर रकम लेने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
दीपक टंडन के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक आठ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी है। इसके अलावा पुलिस को उसके खिलाफ 11 शिकायतें मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- धार में सड़क हादसा... पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, 3 लड़कियां और एक युवक की मौत