
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम बिडवाल के पास सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लड़कियों और एक युवक की मौत हो गई। बिलेश्वर महादेव मंदिर के सामने पिकअप वाहन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लड़कियों और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही कानवन की 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और बाइक सवार तीनों लड़कियों तथा युवक को उपचार के लिए बदनावर सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाली तीनों लड़कियों और युवक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी। लड़कियों के नाम और उनके निवास स्थान की जानकारी भी सामने नहीं आई थी। पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। पिकअप वाहन के सड़क से नीचे उतरकर पलटने के बाद उसके चालक और उसमें सवार अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एक ही हादसे में चार लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।ॉ
यह भी पढ़ें- एमपी में 14 अधिकारियों का प्रमोशन, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर बने मुख्य अभियंता, अब जल्द होगा ट्रांसफर