
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व 2026 में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और पर्यटन की खूबसूरत छटा देखने को मिल रही है। 15 दिवसीय इस भव्य आयोजन का उद्घाटन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्टॉल पर मौजूद बस्तर और नारायणपुर के शिल्पकारों से आत्मीय बातचीत की और उनके हुनर की जमकर सराहना की। इस दौरान कलाकारों ने बस्तरिया रेला की शानदार प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। स्टाल पर डोकरा शिल्प, बांस शिल्प और लौह शिल्प के साथ-साथ कोसा की साड़ियों ने प्रदेश की पारंपरिक कला की विशिष्ट पहचान प्रस्तुत की।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से लगाए गए इस स्टॉल में प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा के साथ-साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी प्रदर्शित किया गया है। पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी ने बताया कि यहां आगंतुकों को पारंपरिक शिल्पकला से रूबरू कराने के साथ प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है।
स्टॉल में चंपारण और चित्रकोट जलप्रपात सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तथा पर्यटन रिसार्ट की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से देशभर से आने वाले पर्यटकों को राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और लोकपरंपराओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।