
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरा करने वाली क्रीम की बिक्री का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अब बिना वैध लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार करने का मामला सामने आया है। औषधि प्रशासन विभाग (ड्रग विभाग) की टीम ने राजधानी के महावीर नगर स्थित महेंद्र सचदेवा के ठिकाने पर छापा मारकर गोरा करने वाली क्रीम और फेस सीरम बनाने का अवैध कारोबार पकड़ा है। यहां पिछले करीब एक महीने से इन उत्पादों को तैयार किया जा रहा था, जबकि इसके लिए जरूरी लाइसेंस की अवधि पहले ही समाप्त हो चुकी थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने तैयार उत्पादों के साथ इन्हें बनाने और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम को महावीर नगर में अवैध रूप से कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मौके पर 'मॉम व्हाइटनिंग क्रीम', 'ग्लैमरिक्स' और 'क्विंज पर्ल फेस सीरम' बनाया जाना पाया गया। टीम ने सभी तैयार उत्पादों को जब्त कर लिया। इसके अलावा क्रीम बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और पैकेजिंग का सामान भी कब्जे में लिया गया है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यहां तैयार किए गए उत्पादों की कितनी खेप बाजार में पहुंचाई गई और किन माध्यमों से इनकी बिक्री हो रही थी।
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन क्रीम खरीदना पड़ा भारी, पूरे शरीर पर बने सांप जैसे निशान, महिला का हुआ बुरा हाल
कार्रवाई के संबंध में संचालक महेंद्र सचदेवा का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है। हालांकि, विभाग ने नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए सारा सामान जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
राजधानी में संदिग्ध कॉस्मेटिक उत्पादों को लेकर यह लगातार दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले गोलबाजार स्थित ओम ब्यूटी सेंटर में पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित क्रीम की बिक्री की सूचना पर औषधि प्रशासन विभाग ने छापा मारा था। उस कार्रवाई में 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम समेत कुल 236 डिब्बे जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई गई थी।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने राजधानी में कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री और उनके उत्पादन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब विभाग की जांच में यह भी देखा जाएगा कि बिना वैध लाइसेंस तैयार किए जा रहे इन उत्पादों की आपूर्ति कहां-कहां हुई और इन्हें बनाने में इस्तेमाल सामग्री स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप थी या नहीं।