
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राज्य का कुल निर्यात लगभग 18 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें चावल, इस्पात, फेरो-एलाय और एल्युमीनियम की प्रमुख हिस्सेदारी है। वर्ष 2023-24 में 16,680.94 करोड़ रुपये का माल निर्यात हुआ था, जो 2025-26 में बढ़कर 18,714.73 करोड़ रुपये हो गया। यानी तीन साल में निर्यात 2,000 करोड़ रुपये से अधिक बढ़ा है।
इस वृद्धि में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की अहम भूमिका है। केंद्र ने यूएई, आस्ट्रेलिया, ओमान, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड सहित कई देशों के साथ व्यापारिक समझौते किए हैं, जिनका छत्तीसगढ़ के उद्योगों को लाभ मिल रहा है।
राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30’ अधिसूचित की है। इसका लक्ष्य राज्य का निर्यात दोगुना करना है। बस्तर के अनोखे उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की नीति है।
क्षेत्रीय कार्यालय खुलने से राह हुई आसान
चावल, मिलेट्स, फल, सब्जियों और वन उत्पादों का निर्यात आसान बनाने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने रायपुर में एपीडा ( एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथोरिटी)) का क्षेत्रीय कार्यालय खोला है।
यह भी पढ़ें- सीजी में कांग्रेस ने की 17 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति, रायपुर शहर की प्रगति और ग्रामीण की बरखा को जिम्मेदारी
इससे किसानों, उत्पादकों और निर्यातकों को प्रशिक्षण, प्रमाणन, पैकेजिंग, मानकीकरण और निर्यात संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं। अब इन सेवाओं के लिए उन्हें दूसरे राज्यों के कार्यालयों का रुख नहीं करना पड़ता। निर्यात पंजीकरण, प्रमाणन सहायता, परामर्श और बाजार संबंधी जानकारी स्थानीय स्तर पर मिलने से निर्यात को और बढ़ावा मिल सकता है।
राज्य का वर्षवार निर्यात (करोड़ रुपये में)
2015-16: 3,731.00 — आधार वर्ष, तेजी से विस्तार की शुरुआत
2019-20: 9,067.92 — औद्योगिक नीति 2019-24 के तहत उछाल
2021-22: 25,241.13 — चावल और इस्पात की मांग के कारण अब तक का सर्वोच्च स्तर
2022-23: 21,415.29 — वैश्विक बाजार की स्थितियों के कारण मामूली गिरावट
2023-24: 16,680.94 — गैर-बासमती चावल के निर्यात पर प्रतिबंधों और कमोडिटी कीमतों का असर
2024-25: 18,527.25 — निर्यात क्षेत्र में मजबूत रिकवरी
2025-26: 18,714.73 — निरंतर सुधार और स्थिरता
नई उद्योग नीति में निर्यातकों के लिए अनुदान का प्रावधान किया गया है। केंद्र सरकार ने भी कई देशों के साथ व्यापारिक समझौते किए हैं। इसके कारण निर्यात लगातार बढ़ रहा है। लखनलाल देवांगन, उद्योग मंत्री, छत्तीसगढ़
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा भाजपा की टीम यूपी में उतरी, सीएम योगी के समर्थन में घर-घर पहुंच रहीं 73 नेत्रियां