
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में वीआईपी रोड स्थित क्लब से शुरू हुआ विवाद मरीन ड्राइव तक पहुंच गया। यहां 20 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट एन. ऐश्वर्या के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि नवया ओझा ने उस पर अपने भाई से 15 लाख रुपये लेने और उसकी जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू किया।
इसके बाद उसके बाल खींचकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। दोनों के बीच हुई झूमाझटकी में ऐश्वर्या के गले में पहनी सोने की चेन भी गिर गई। घटना में पीड़िता की कमर में चोट आई है। शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने नवया ओझा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और मानहानि से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता एन. ऐश्वर्या अवंति विहार स्थित अनमोल फ्लैट में रहती हैं और मेकअप आर्टिस्ट का काम करती हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि क्लब में शुरू हुए विवाद के बाद मामला बढ़ गया था। इसी विवाद को लेकर 19 नवंबर की रात करीब 3:13 बजे नवया ओझा ने उनके मौसेरे भाई सौरभ दास गुप्ता को फोन कर मरीन ड्राइव के पास बुलाया था। इसके बाद ऐश्वर्या अपने मुंहबोले भाई सैफ नवाज और दोस्त अजय शर्मा व मौसमी बैरागी के साथ वहां पहुंचीं।
पीड़िता के मुताबिक, मरीन ड्राइव पहुंचने के बाद नवया ओझा उनके पास आई और कहने लगी कि उन्होंने उसके भाई से 15 लाख रुपये लिए हैं और उसके भाई सोहेल शेख की जिंदगी बर्बाद कर दी है। इस दौरान नवया ने खुद को वकील बताते हुए कहा कि वह जो चाहे कर सकती है। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पीड़िता का आरोप है कि नवया ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर उनके बाल खींचकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और झूमाझटकी हुई।
यह भी पढ़ें- रायपुर में बच्चा खरीद-फरोख्त सिंडिकेट का एक और दलाल गिरफ्तार, डेढ़ लाख रुपये में खरीदी थी बच्ची