
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले सिंडिकेट की जांच में पुलिस को एक और सफलता मिली है। आजाद चौक थाने में दर्ज मामले में पुलिस ने जितेंद्र खेतान को गिरफ्तार किया है। वह सिंडिकेट से बच्चे खरीदकर आगे सौदे कराने के लिए दलाली करता था।
जांच में सामने आया है कि उसने आरोपित कृतिका से डेढ़ लाख रुपये में एक बच्ची खरीदी थी। पुलिस ने इस बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है। अब डीएनए जांच के माध्यम से उसकी वास्तविक मां की पहचान की जाएगी।
इस मामले में अब तक सात आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस जांच में बच्चों की खरीद-फरोख्त के पीछे एक संगठित नेटवर्क होने के संकेत मिले हैं। शुरुआती जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सिंडिकेट में ऊंची जाति के बच्चों की मांग की जाती थी। इसी मांग को पूरा करने के लिए बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र में जाति संबंधी जानकारी में फर्जीवाड़ा कर उन्हें बेचने का खेल चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित एसआईटी की टीमें ओडिशा, तमिलनाडु और गुजरात में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल बिचौलियों और संभावित खरीदारों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने बच्चों का सौदा किया गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। बरामद बच्ची की जैविक मां की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। इससे बच्ची के वास्तविक पारिवारिक संबंधों की पुष्टि हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन गेम में 10 लाख हारने के बाद बने चोर, पुलिस ने 2 को दबोचा, 15.50 लाख के जेवरात व कार जब्त