
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1997 बैच के आईएएस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर प्रमोट किया गया है।
वर्तमान में सुबोध कुमार सिंह मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और निहारिका बारिक गृह विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
2002 बैच के IAS को बनाया प्रमुख सचिव
इसी क्रम में 2002 बैच के दो आईएएस अधिकारियों डॉक्टर रोहित यादव और डॉक्टर कमलप्रीत सिंह को सचिव से पदोन्नत कर प्रमुख सचिव बनाया गया है। जारी आदेश के अनुसार, डॉक्टर रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग एवं अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति के पद पर पदस्थ किया गया है।
वे वर्तमान में सचिव, वित्त विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार सचिव, जनसंपर्क विभाग एवं अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति का दायित्व संभाल रहे थे। इसी प्रकार वरिष्ठ डॉक्टर कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो पनीर जब्त, एनालॉग होने की आशंका; खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई
वे वर्तमान में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर कार्यरत थे। इन चारों अधिकारियों की पदोन्नति जनवरी 2027 में प्रस्तावित थी, लेकिन सरकार ने निर्धारित समय से करीब डेढ़ माह पूर्व ही यह आदेश जारी कर दिया।
इसे इन अधिकारियों की कार्यकुशलता और प्रशासनिक अनुभव के प्रति शासन के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भी समय से पहले पदोन्नति के उदाहरण रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि, केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने बीते 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से दोनों ही वेतनमानों में पदोन्नति के लिए दो-दो रिक्तियां निर्धारित की थीं।
यह भी पढ़ें- अब कोहरे में भी नहीं घटेगी ट्रेनों की रफ्तार, रेलवे ने तैनात किए 3657 फॉग सेफ डिवाइस