
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। धरसींवा विकासखंड मुख्यालय में रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को जल्द ही सड़क की खराब स्थिति और ट्रैफिक के दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है। चरौदा-धरसींवा मार्ग पर 3.20 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में डेवलप किया जा रहा है।
इस मार्ग से रायपुर-बिलासपुर, रायपुर-कवर्धा और रायपुर-सिमगा की ओर जाने वाली यात्री बसों के साथ भारी और हल्के वाहन भी गुजरते हैं। सड़क चौड़ी होने से ट्रैफिक अधिक व्यवस्थित होगा और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता विशाल त्रिवेदी के अनुसार, मार्ग पर फोरलेन बिटुमिनस (बीटी) सड़क का निर्माण प्रगति पर है। डिवाइडर के दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी सड़क बनाई जा रही है। सड़क के दोनों ओर 1.50 मीटर चौड़े सीसी शोल्डर और एक-एक मीटर चौड़ी और एक-एक मीटर गहरी नालियां बनाने का भी प्रावधान है। नालियों से बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी और जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
चरौदा-धरसींवा मार्ग पहले रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे का हिस्सा रहा है। धरसींवा के प्रमुख सरकारी कार्यालय सड़क के दोनों ओर स्थित हैं। आसपास रिहायशी बस्ती होने के कारण यहां रोजाना ग्रामीणों, कर्मचारियों, अधिकारियों और यात्रियों की आवाजाही रहती है। सड़क की खराब स्थिति और बढ़ते ट्रैफिक के दबाव से लोगों को परेशानी होती थी। फोरलेन निर्माण पूरा होने पर आवागमन सुगम होने के साथ हादसों की आशंका कम करने में भी मदद मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- बीच सड़क पर गाड़ी रोककर काटा केक, आतिशबाजी और सलमान खान के गाने पर रील, रायपुर में नायब तहसीलदार का वीडियो वायरल