
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले एक राजस्व अधिकारी का बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अभनपुर के नायब तहसीलदार विपिन पटेल गाड़ी रोककर केक काटते, आतिशबाजी की तैयारी करते और फिल्मी गाने पर रील बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक जगहों पर इस तरह के आयोजनों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने 'ओ ओ जाने जाना' पर रील बनाई जाती दिखाई दे रही है। इसमें पदनाम लिखी गाड़ी की डिक्की खुलने पर जन्मदिन का टैग और केक नजर आता है। गाड़ी का नंबर CG 04 NY 1910 बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवक सड़क पर आतिशबाजी की तैयारी करता भी दिखाई देता है। वीडियो किस जगह और किस समय का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
नायब तहसीलदार का पद राजस्व प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से जुड़ा है। ऐसे में सड़क पर वाहन रोककर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का वीडियो सामने आने के बाद अधिकारी के आचरण को लेकर चर्चा हो रही है। पब्लिक रोड पर इस तरह का आयोजन ट्रैफिक में बाधा और राहगीरों की सुरक्षा के लिहाज से भी सवाल खड़े करता है। वीडियो के आधार पर ट्रैफिक बाधित होने या किसी अन्य नियम के उल्लंघन की पुष्टि अलग से किया जाना जरूरी है।
सड़क पर केक काटने और इस दौरान ट्रैफिक बाधित करने की घटनाओं को लेकर पहले भी न्यायिक स्तर पर सख्ती की बात सामने आ चुकी है। वकील विपिन अग्रवाल के मुताबिक, हाईकोर्ट सड़क पर केक काटने के मामलों में खुद संज्ञान लेकर सख्त निर्देश दे चुका है। उनके अनुसार, चीफ जस्टिस ने राज्य सरकार और पुलिस को ऐसे मामलों में कार्रवाई करने और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश भी दिए थे।
यह भी पढ़ें- महासमुंद में NH-53 पर भीषण हादसा, संबलपुर से लौट रही कार ट्रक में घुसी, दो महिलाओं की मौके पर मौत; तीन घायल
अब वायरल वीडियो के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब आम लोगों पर कार्रवाई होती है, तो नियम लागू कराने वाले अधिकारियों के लिए क्या मापदंड हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो को लेकर जमकर कमेंट कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।