
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। मंत्रिपरिषद से इस महत्वपूर्ण मांग को मंजूरी मिलने पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर आभार जताया। फेडरेशन ने इसे कर्मचारियों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा बताते हुए मुख्यमंत्री को अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री निवास में प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग थी। इससे गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार के दौरान पहले बड़ी राशि जुटाने तथा बाद में प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरने की परेशानी कम होगी।
यह भी पढ़ें- CG High Court: तलाक के बाद मां को मिली थी बेटी की कस्टडी, पासपोर्ट के लिए पिता की NOC जरूरी नहीं
इससे लाखों कर्मचारियों और उनके आश्रितों को समय पर उपचार कराने में सुविधा मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीतांबर पटेल, आलोक मिश्रा एवं संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।