
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नगर सेना, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाओं और एसडीआरएफ के स्वयंसेवकों व कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की पहल पर विभाग और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत पात्र कर्मचारियों को जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा, दिव्यांगता सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना का लाभ 10 हजार से 50 हजार रुपये तक मासिक वेतन या मानदेय पाने वाले स्वयंसेवकों-कर्मचारियों को मिलेगा। पात्रों को एक लाख रुपये का जीवन बीमा और 40 लाख रुपये तक दुर्घटना बीमा मिलेगा। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ का प्रविधान है। स्थायी दिव्यांगता पर 40 लाख और आंशिक दिव्यांगता पर 30 लाख रुपये तक का बीमा लाभ मिलेगा।
ऋण संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पात्र कर्मचारी अपने जिले की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में वेतन खाता खुलवाकर सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। सभी इकाई प्रमुखों को बैंक से समन्वय कर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।