
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में निर्दलीय पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे पर युवक की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने पार्षद समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि शराब पीने के दौरान विवाद और गाली-गलौज के बाद युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया।
मृतक की पहचान नकटी गांव निवासी भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है। वह मोनेट कंपनी में ऑपरेटर था और 22 मई से लापता चल रहा था। स्वजन ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले को लेकर क्या कहा
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पीछे भुवनेश्वर यादव, पार्षद गोलू रात्रे और अन्य लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में भुवनेश्वर और गोलू रात्रे के बीच विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ने पर आरोपित भुवनेश्वर को कार में बैठाकर वहां से ले गए।
बताया जा रहा है कि युवक को महासमुंद जिले में महानदी किनारे ले जाया गया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रेत में दफना दिया।
पार्षद से भी पत्नी की बातचीत करवाई थी
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना की शाम भुवनेश्वर यादव ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। उस दौरान उसने पार्षद से भी पत्नी की बातचीत करवाई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया।
निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में
पुलिस को मृतक का मोबाइल और अन्य सामान बरामद होने के बाद जांच की दिशा बदली। मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- ज्ञानभारतम महाअभियान की बड़ी सफलता, आरंग में मिलीं 150 साल पुरानी दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपियां