रायपुर के पीआरएसयू में बनेगा अत्याधुनिक परीक्षा केंद्र, एक साथ बैठेंगे 20 हजार परीक्षार्थी
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) रायपुर परिसर में 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की क्षमता वाला एकीकृत परीक्षा केंद्र बनाने की योजना तैयार की जा रही है। यहां नीट, यूपीएससी और कर्मचारी चयन मंडल की ऑफलाइन व ऑनलाइन परीक्षाएं एक ही छत के नीचे आयोजित हो सकेंगी।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 05:05:55 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 05:05:55 PM (IST)
एआई इमेज।HighLights
- पटना के बापू परीक्षा परिसर के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा केंद्र होगा
- भीड़ रोकने के लिए बनेंगे अलग-अलग प्रवेश द्वार, पार्किंग व सुरक्षा जांच की सुविधा
- कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भविष्य की जरूरतों के अनुरूप डिजाइन बनाने के दिए निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) परिसर में अत्याधुनिक एकीकृत परीक्षा केंद्र बनाने की योजना तैयार की जा रही है। यहां एक साथ 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। नीट, यूपीएससी और कर्मचारी चयन मंडल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक ही परिसर में सभी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित करने की भी व्यवस्था रहेगी।
पटना के बाद होगा देश का दूसरा सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र
फिलहाल यह परियोजना प्रस्तावित चरण में है और इसकी लागत व निर्माण की समय-सीमा अभी स्पष्ट नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि यह देश का दूसरा ऐसा केंद्र होगा, जहां इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के बैठने की सुविधा होगी। इससे पहले बिहार के पटना स्थित बापू परीक्षा परिसर में लगभग 25 हजार छात्रों के बैठने की क्षमता है।
परीक्षा के दिन शहर में नहीं भटकना पड़ेगा छात्रों को
राजधानी में वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शहरभर में अलग-अलग केंद्र बनाए जाते हैं। इससे दूसरे जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में काफी परेशानी होती है और समय से काफी पहले घर से निकलना पड़ता है। इस एकीकृत केंद्र के बनने से छात्रों की यह समस्या दूर हो जाएगी।
भीड़ रोकने के लिए बनेंगे अलग-अलग प्रवेश द्वार
प्रस्तावित परीक्षा केंद्र में प्रवेश और सुरक्षा जांच के लिए अलग-अलग द्वार बनाए जाएंगे, ताकि जांच के दौरान लंबी कतारें और अनावश्यक भीड़ न लगे। इसके अलावा परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग, सुगम आवागमन और आधुनिक तकनीकी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार होगा परिसर
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि भवन की डिजाइन और कार्ययोजना भविष्य में परीक्षार्थियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर तैयार की जाए। वहीं, जिला पंचायत के सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने पूरे परिसर को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया।