By Kadir KhanEdited By: Kadir Khan
Publish Date: Wed, 17 Nov 2021 10:02:09 AM (IST)Updated Date: Wed, 17 Nov 2021 10:02:09 AM (IST)
Interstate Bus Stand: सतीश पांडेय, रायपुर(नईदुनिया)। भाठागांव स्थित नए अंतरराज्जीय बस टर्मिनल के शुभारंभ के दूसरे दिन व्यवस्था को पटरी पर लाने में प्रशासन जुटा रहा। सोमवार को बलौदाबाजार मार्ग पर बसों का संचालन नए बस स्टैंड से नहीं होने के कारण लोगों को हुई परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने इस रूट पर विधानसभा जीरो प्वाइंट तक पांच सिटी बसें दौड़ाने का फरमान जारी किया।
लोगों को राहत भी मिली और इस मार्ग पर दिनभर सिटी बसें दौड़ती रही। वहीं दूसरे ओर राजधानी के अन्य मार्गों से बस स्टैंड पहुंचने वाले लोगों से कुछ आटो और ई-रिक्शा चालक मनमाना किराया वसूलते रहे। आटो चालक पंडरी, मोवा, शंकरनगर इलाके से भाठागांव आने वाले यात्रियों से दो सौ से लेकर तीन सौ रुपये किराया वसूल रहे थे।
बता दें कि मंगलवार सुबह छह बजे से भाठागांव बस टर्मिनल से यात्री बसें पकड़ने के लिए यात्रियों का पहुंचना शुरू हो गया था। यात्रियों को सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो इसे ध्यान में रखकर बसों के साथ प्रर्याप्त संख्या में आटो रिक्शा, ई-रिक्शा की व्यवस्था होने से यात्री आते-जाते रहे।
दूसरे दिन मंगलवार को यहां से 425 बसें विभिन्न मार्गों के लिए चली, जिसमें 11 हजार से अधिक मुसाफिरों ने सफर किया। गौरतलब है कि शहर में बंद की गई सिटी बसों के संचालन का मुद्दा नईदुनिया ने लगातार प्रमुखता से उठाता आ रहा है। यहीं वजह है कि प्रशासन ने इसे संज्ञान में लेकर सिटी बस का संचालन शुरू कराया।
बलौदाबाजार की तरफ से नहीं आई यात्री बसें
बलौदाबाजार जिले के बस आपरेटर अपनी बसे नया बस अड्डे तक भेजने को तैयार नही है।लिहाजा दूसरे दिन भी इस रूट से एक भी यात्री ूबसे भाठागांव नहीं पहुंची।बस में सवार सैकड़ों यात्रियो को जीरो पाइंट विधानसभा रोड़ पर ही उतार दिया जा रहा है।यहां से यात्री सिटी बस में सवार होकर शहर के विभिन्ना हिस्सो से होर्ते हुए बस अड्डे पर पहुंच रहे है।जिला, नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने यात्रियों,बस आपरेटरों को सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया है।
आटो स्टैंड में डेढ़ सौ से अधिक आटो व ई-रिक्शा
नए बस स्टैंड की खाली जगह पर आटो स्टैंड बनाया गया है। यहां एक साथ डेढ़ सौ आटो और ई-रिक्शा खड़ी की जा सकती है। इसके अलावा समीप ही नीलकंठेश्वर मंदिर के सामने सड़क किनारे भी आटो की पार्किंग बनाई गई है। यहां एक साथ सौ आटो खड़ी करने की व्यवस्था है।
इन क्षेत्रों से हो सिटी बसों का संचालन
शहर सेजबहार, डूंडा, संतोषीनगर, रायुपरा, महादेवघाट, टाटीबंध, सरोना, देवपुरी, माना, तेलीबांधा, पंडरी, मोवा, खमतराई, भनपुरी, पुरानी बस्ती, जीई रोड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य मुख्य मार्गो पर सिटी बसों का संचालन आवश्यक हो गया है। यहां से नए बस टर्मिनल आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसका फायदा उठाकर आटो और रिक्शा चालकों ने लोगों से मनमाना किराया वसूला।
विधानसभा रोड से भाठागांव तक के लिए वसूला 350 रुपये किराया
बलौदाबाजार जिले के अमेरा गांव से सपरिवार बस से विधानसभा रोड और फिर वहां से आटो रिक्शा से भाठागांव पहुंचे श्रमिक संजय रात्रे, संतोष नंदन ने बताया कि सिटी बस नहीं मिलने के कारण आटो रिक्शा में 350 रुपये देकर भाठागांव तक आए है। यहां से महाराष्ट्र के देवरी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे है। पैसे कम होने के कारण परिवार के बाकी लोग पैसे का इंतजाम करने गए है। गांव में कामकाज नहीं होने से दूसरे प्रदेश जाकर काम करना पड़ता है।
प्रशासन ने गिनाए ये कारण
कलेक्टर सौरभ कुमार ने बताया कि राज्य स्तर पर सिटी बस आपरेटरों की मांग पूरा करने की पहल की जा रही है। भाठागांव बस स्टैंड में हर वह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है जो पंडरी में थी। शुरूआत में कई दिक्कतें आ रही है, इसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। बलौदाबाजार मार्ग से आने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल पांच सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया है। एक-दो दिनों में अन्य मार्गों पर भी सिटी बस दौड़ने लगेगी। बतादें कि राज्य स्तर पर बसों को चलाने के लिए सरकार ने संचालकों की बात मानकर किराया बढ़ाया है वहीं अभी स्कूल बसों के लिए भी संचालकों को कुछ रियायत दी गई है।
सिटी बस आपरेटरों की यह है मांग
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के कारण सिटी बस आपरेटर 53 फीसद किराया वृद्धि की मांग कर रहे है। निगम प्रशासन इसके लिए शासन को पत्र लिखा है। अब उन्हें शासन के आदेश का इंतजार है। सिटी बस आपरेटरों का कहना है कि शासन जब तक टैक्स, किराया वृद्धि, नगर निगम की रायल्टी, बीमा और बैटरी लगाने के लिए 50 प्रतिशत खर्च वहन नहीं करेगी तब तक सिटी बस का परिचालन नहीं हो पाएगा। बता दें कि कोरोना के पहले रायपुर निगम द्वारा 170 सिटी बसों का संचालन किया जा रहा था। लाकडाउन के दौरान बसें डिपो में खड़ी रही जिसके चलते बसों के टायर, बैटरी, आयल, वायरिंग सब खराब हो चुके है।
यात्रियों के साथ बस आपरेटरों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए भाठागांव बस स्टैंड में सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। सिटी बसों का संचालन शहर भर के सभी रूटों पर जल्द शुरू कराया जाएगा। - सौरभ कुमार, कलेक्टर रायपुर
कलेक्टर के आदेश पर बलौदाबाजार रूट पर हर आधा घंटे के अंतराल में पांच सिटी बसें जीरो पाइंट विधानसभा रोड से भाठागांव स्थित नये बस टर्मिनल तक चलाई जा रही है। अन्य रूटों पर भी सिटी बस चलाने के संबंध में जल्द फैसले लिए जाएंगे। - बीएल चंद्राकर, अधीक्षण अभियंता रायपुर
शहर के सभी रूटों पर जल्द सिटी बस शुरू कराने के संबंध में चर्चा चल रही है। भाठागांव बस स्टैंड में सारी सुविधाएं धीरे-धीरे उपलब्ध करा रहे है। यात्रियों के साथ बस आपरेटरों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। - एजाज ढेबर, महापौर,रायपुर नगर निगम