
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के लिए गिरोह ने ग्राहक जुटाने का ऐसा नेटवर्क बना रखा था, जिसमें बच्चा खरीदने वाले और बेचने वाली महिलाएं तक उसके लिए नए ग्राहक तलाशती थीं। निसंतान दंपतियों को बच्चा दिलाने के बाद उनसे दूसरे जरूरतमंद दंपतियों की जानकारी जुटाई जाती थी। वहीं, जिन महिलाओं से नवजात खरीदे जाते थे, उनके जरिए दूसरी गर्भवती महिलाओं तक पहुंच बनाई जाती थी।
दोनों तरफ से ग्राहक लाने वालों को कमीशन दिया जाता था। पुलिस की जांच में गिरोह के इस दोतरफा कमीशन और माउथ पब्लिसिटी के खेल का राजफाश हुआ है। इतना ही नहीं, आरोपितों ने डिलीवरी के लिए निजी अस्पतालों को भी अपने नेटवर्क का हिस्सा बनाया था। ऐसे अस्पतालों को निशाना बनाया जाता था, जहां मरीजों की संख्या कम रहती थी।
वहां नर्सिंग स्टाफ को पैसों का लालच देकर अपने प्रभाव में लेते और गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी कराते थे। पुलिस को आशंका है कि वर्ष 2024 से सक्रिय यह गिरोह 100 से अधिक बच्चों की खरीद-फरोख्त कर चुका है।
जांच में सामने आया है कि आरोपित ऐसे निजी अस्पतालों को चुनते थे, जहां मरीजों की संख्या कम रहती थी। वहां नर्सिंग स्टाफ को पैसों का लालच देकर अपने नेटवर्क से जोड़ते थे। इसके बाद जिन गर्भवती महिलाओं और युवतियों को नवजात बेचने के लिए तैयार किया जाता था, उनकी डिलीवरी इन्हीं अस्पतालों में कराई जाती थी। पुलिस अब अस्पतालों के स्टाफ, भर्ती रिकॉर्ड और डिलीवरी से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में एजेंटों की सक्रियता सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क इन राज्यों से भी आगे फैला हुआ है। मास्टरमाइंड कृतिका साहू से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं।
एसआईटी को आरोपितों के पास से दस्तावेज और वॉट्सऐप चैट मिली हैं। इनके आधार पर बच्चों के सौदों, खरीदारों और अलग-अलग राज्यों में सक्रिय एजेंटों की पहचान की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर बच्चों को रेस्क्यू करने के लिए एसआईटी की टीमें दूसरे राज्यों में रवाना की गई हैं। पुलिस के अनुसार, सुंदरगढ़ की जिस महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत की थी, उसके नवजात को कबीर नगर निवासी दंपती को बेचने का सौदा किया गया था।
प्रसूताओं की डिलीवरी साई और दिवाकर अस्पताल में कराई गई थी। दिवाकर अस्पताल से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मिलने के बाद उसके पंजीयन को रद्द करने की कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, शिकायत करने वाली महिला की डिलीवरी साई अस्पताल में हुई थी। पुलिस अब अस्पताल से जुड़े साक्ष्य जुटाकर भूमिका की जांच कर रही है।
सुंदरगढ़ की गर्भवती महिला को मुफ्त इलाज और डिलीवरी का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया था। चार नवंबर को प्रसव के बाद महिला और नवजात को अहिल्या के घर बंधक बना लिया गया। आरोपितों ने महिला की सहमति के बिना बच्चे को बेचने की कोशिश की। रकम के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ तो मामला खुल गया। पुलिस अब तक डॉ. खीर सिंधु महानंद, कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर... 6 से 18 दिसंबर तक 13 ट्रेनें रद, इन ट्रेनों का बदला शेड्यूल