
डिजिटल डेस्क, रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के संकल्प के साथ आज जशपुर जिले के कुंजारा गांव में 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण किया गया। प्रदेश में हरित ऊर्जा के विस्तार और गांवों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से कुंजारा ग्राम पंचायत में प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। उत्पादित बिजली के माध्यम से ग्राम पंचायत को हर साल करीब 18.75 लाख रुपये की नियमित वार्षिक आय प्राप्त होगी।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ ही कुंजारा सौर ऊर्जा से बिजली का उत्पादन कर आय अर्जित करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली ग्राम पंचायत बनने जा रही है। पंचायत को होने वाली इस अतिरिक्त आय का उपयोग गांव के बुनियादी विकास और जनकल्याणकारी कार्यों में किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- Ayodhya Special Train: छत्तीसगढ़ से अयोध्या का सफर होगा सीधा, बिलासपुर से 30 नवंबर को चलेगी ट्रेन
इस पहल के पीछे मुख्य उद्देश्य यह है कि राज्य के गांव केवल बिजली के उपभोक्ता बनकर न रहें, बल्कि सौर ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से पूरी तरह ऊर्जा आत्मनिर्भर बनें। कुंजारा में स्थापित यह ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में काम करेगा।
इस नवाचार से जहां एक ओर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा संबल और मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा।