
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। गांव की जमीन पर बिजली पैदा होगी और उससे होने वाली कमाई गांव के विकास पर खर्च होगी। जशपुर जिले की कुंजारा ग्राम पंचायत ने ग्रामीण आत्मनिर्भरता का ऐसा ही नया मॉडल पेश किया है। यहां दो करोड़ रुपये की लागत से स्थापित प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र से पंचायत को हर साल करीब 18.75 लाख रुपये की आय होगी।
वहीं, कुनकुरी विकासखंड के काईकछार और बालाछापर में 4.45 करोड़ रुपये की लागत से बने दो विद्युत उपकेंद्रों से 19 गांवों की बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को इन परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
पांच विकास कार्यों का भूमि पूजन
इस दौरान उन्होंने जोकारी में 29.32 करोड़ रुपये के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया। कुंजारा में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्थापित 280 किलोवाट क्षमता का सौर संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग चार लाख यूनिट बिजली पैदा करेगा।
उत्पादित बिजली सीधे ग्रिड में जाएगी और वर्चुअल नेट मीटरिंग के जरिए जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की खपत से उसका समायोजन होगा। इसके बदले निर्धारित पांच रुपये प्रति यूनिट की दर से पंचायत को लाभांश मिलेगा।
अनुमान के मुताबिक, इससे सालाना 18.75 लाख रुपये पंचायत के खाते में जमा होंगे। ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर इस राशि का उपयोग सड़क, अधोसंरचना और दूसरी स्थानीय जरूरतों पर किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंजारा की पहल प्रदेश की अन्य पंचायतों के लिए भी आत्मनिर्भरता का रास्ता दिखाएगी।
यह भी पढ़ें- राज्य पुलिस को मिले 642 नए आरक्षक, 208 महिला सिपाही शामिल; रायपुर में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड
जोकारी को 29.32 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने जोकारी में लोक निर्माण और सेतु विभाग के पांच कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया। इनमें 6.55 करोड़ रुपये के एक कार्य का लोकार्पण और 22.77 करोड़ रुपये के चार कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। इसके अलावा काईकछार और बालाछापर में बने 33/11 केवी के विद्युत उपकेंद्र शुरू किए गए।
काईकछार उपकेंद्र से नौ और बालाछापर से 10 गांवों को बेहतर बिजली मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बनकंबों में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये के सामाजिक भवन और जोकारी में 30 लाख रुपये के महतारी सदन की घोषणा की। साय ने कहा कि दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर के गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। गांवों की समृद्धि से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।
यह भी पढ़ें- परिसीमन से बदलेगा CG का सियासी भूगोल, महिला आरक्षण से विधानसभा में पहुंचेंगी 45 महिलाएं