
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। जनगणना के बाद संभावित परिसीमन छत्तीसगढ़ की राजनीति का स्वरूप बदल सकता है। प्रस्तावित परिसीमन बिल के फार्मूले के अनुसार सीटों में करीब 50 प्रतिशत वृद्धि हुई, तो विधानसभा की सीटें मौजूदा 90 से बढ़कर 135 तक हो सकती हैं। वहीं, लोकसभा सीटों की संख्या 11 से बढ़कर 17 होने की संभावना है। इसके साथ 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने पर सदन में प्रतिनिधित्व का गणित भी नए सिरे से तय होगा।
सीटों में बढ़ोतरी और महिला आरक्षण
विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135 हुईं, तो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के तहत 44 से 45 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। 135 का एक-तिहाई 45 होता है, जबकि संवैधानिक और व्यावहारिक गणना में सीटों की संख्या 44 या 45 हो सकती है।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में रिकार्ड 19 महिलाएं विधायक चुनी गई थीं। यह कुल 90 सीटों का लगभग 21.11 प्रतिशत था। इनमें कांग्रेस की 11 और भाजपा की आठ विधायक शामिल हैं। सीटों की संख्या 135 होने पर महिला विधायकों की संभावित संख्या मौजूदा स्थिति से दोगुने से अधिक हो सकती है। ऐसे में राजनीतिक दलों को टिकट वितरण में बड़ा बदलाव करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- 'अधिकारियों को बचाने का प्रयास, 31 पत्रों पर नहीं हुई कार्रवाई'; एमपी हाई कोर्ट ने DGP की भूमिका पर उठाए सवाल
महिला प्रत्याशी तैयार करने की होगी चुनौती
राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार 135 सीटों और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ सकती है और नए नेतृत्व को अवसर मिल सकता है। हालांकि, एसटी, एससी और सामान्य वर्ग की सीटों के अनुपात में बदलाव से कई पारंपरिक सीटें आरक्षित या अनारक्षित हो सकती हैं।
इससे मौजूदा विधायकों और दावेदारों की स्थिति प्रभावित होगी। महिला आरक्षण लागू होने पर सामान्य और आरक्षित, दोनों तरह की कुछ सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इससे पुरुष दावेदारों के विकल्प सीमित होंगे और दलों के सामने योग्य तथा जिताऊ महिला उम्मीदवार तलाशने की चुनौती रहेगी। जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत नए दौर में प्रवेश कर सकती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 8.68 करोड़ की धोखाधड़ी, फर्मों के अकाउंटिंग डेटा में लगाई सेंध; EOW ने 8 अलग-अलग दर्ज की FIR
बस्तर में सीटें बढ़ने की चर्चा
प्रदेश में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर गणना प्रस्तावित है। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना का विकल्प दिया जाएगा। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होने वाले परिसीमन का सबसे अधिक असर बस्तर संभाग में दिखने की संभावना है।
वर्तमान में बस्तर संभाग में 12 विधानसभा और दो लोकसभा क्षेत्र बस्तर व कांकेर हैं। परिसीमन के तहत संभाग में चार से छह नई विधानसभा सीटें जुड़ने की चर्चा है। बालोद जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कांकेर लोकसभा क्षेत्र से अलग होकर किसी अन्य क्षेत्र से जुड़ने की संभावना भी जताई जा रही है।
आरक्षित सीटों के स्वरूप में बदलाव संभव
छत्तीसगढ़ का चुनावी इतिहास 1951 से जुड़ा है। अविभाजित मध्य प्रदेश के दौर में यहां 61 विधानसभा सीटें थीं। इसके बाद 1957 में 57, 1962 में 81 और 1967 में 83 सीटें हुईं। वर्ष 2003 से विधानसभा सीटों की संख्या 90 निर्धारित है। वर्तमान में इनमें से 29 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) और 10 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में अब नहीं होगी टीबी से मौतें, तमिलनाडु का टीएन-केईटी मॉडल होगा लागू, मृत्यु-दर घटकर हुई 4 फीसदी