
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: महादेव सट्टा के सरगना सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पर हमला बोला है। प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि सौरभ की गिरफ्तारी से कांग्रेस में खलबली मची है।
अब 508 करोड़ रुपये के कथित लेनदेन, अधिकारियों और निलंबित एएसआइ चंद्रभूषण वर्मा की भूमिका सहित पूरे नेटवर्क के राज सामने आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में सट्टा कारोबार को राजनीतिक संरक्षण मिला।
भाजपा सरकार ने घोटाले की जांच सीबीआइ को सौंपी, जिसका परिणाम गिरफ्तारी के रूप में सामने आया है। दीपक ने कहा कि कांग्रेस के नेता भूपेश बघेल अपने जवाब तैयार रखें, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- आयुष्मान भारत योजना में गड़बड़ी, रायपुर के सात समेत 11 निजी अस्पतालों का पंजीयन निरस्त
महादेव सट्टा एप के प्रमोटर भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर को सोमवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआइ को सौंप दिया। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद रविवार रात दिल्ली लाए गए सौरभ को अब रायपुर लाया जा रहा है। मंगलवार को उसे विशेष कोर्ट में पेशकर सीबीआइ रिमांड की मांग करेगी। उससे आनलाइन सट्टा नेटवर्क, फर्जी बैंक खातों, हवाला कारोबार और विदेशों में कथित निवेश को लेकर पूछताछ करेगी।