
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। नवा रायपुर स्थित राज्य स्तरीय प्रशासकीय भवन 'इंद्रावती भवन' में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भवन की लिफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण करीब 7 से 8 अधिकारी और कर्मचारी लगभग आधे घंटे तक अंदर ही फंसे रहे। इस घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लिफ्ट के अचानक रुक जाने से अंदर मौजूद कर्मचारियों में घबराहट फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत राहत और बचाव की कोशिशें शुरू की गईं। लगभग आधे घंटे तक चली भारी जद्दोजहद और कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट को खोलकर अंदर फंसे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर आने पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि इंद्रावती भवन की लिफ्टों का लंबे समय से नियमित मेंटेनेंस (रखरखाव) नहीं किया गया है। मेंटेनेंस के अभाव में इस तरह की तकनीकी खराबी आई, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।