
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी ट्रेडिंग में 25 से 30 प्रतिशत मासिक मुनाफे का लालच देकर कोचिंग संचालक पुष्कर जैन से 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने पत्थलगांव निवासी ललित अग्रवाल (25) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नेहल अग्रवाल, ललित अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, सीमा अग्रवाल और नमित अग्रवाल उर्फ विक्की के खिलाफ आजाद चौक थाने में अपराध दर्ज किया गया है।
आरोप है कि पांचों ने मिलकर शिक्षक को ट्रेडिंग कारोबार में निवेश करने के लिए तैयार किया। शुरुआत में कुछ समय तक मुनाफा देकर उनका भरोसा जीता और फिर बड़ी रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवा ली। मूल रकम वापस मांगने पर आरोपित टालमटोल करते रहे। बाद में दोबारा 9.90 लाख रुपये लेने के बाद मोबाइल फोन बंद कर रायपुर स्थित निवास छोड़कर फरार हो गए।
समता कालोनी में बैंक आफ बड़ौदा के पीछे रहने वाले पुष्कर जैन पेशे से शिक्षक हैं। वह गोदावरी सेवा सदन में 'प्राइम प्रोफेशनल क्लासेस' के नाम से कामर्स की कोचिंग संचालित करते थे। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार वर्ष 2020-21 में उनकी पहचान कोचिंग के विद्यार्थी नेहल अग्रवाल से हुई थी। नेहल ने उन्हें बताया कि वह ललित अग्रवाल उर्फ लक्की, विवेक अग्रवाल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी ट्रेडिंग का कारोबार करता है।
नेहल ने दावा किया कि इस कारोबार में 25 से 30 प्रतिशत तक मासिक लाभ होता है। उनके साथ निवेश करने वाले लोगों को आठ से 10 प्रतिशत तक निश्चित मुनाफा दिया जाता है। उसने यह भी बताया कि उसका खुद का करीब तीन करोड़ रुपये इस कारोबार में लगा हुआ है। इस तरह बड़े कारोबार और निश्चित मुनाफे की बातों से पुष्कर जैन प्रभावित हो गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक शुरुआत में आरोपितों ने उन्हें कुछ समय तक निवेश पर लाभ दिया। इससे उन्हें भरोसा हो गया कि क्रिप्टो ट्रेडिंग का कारोबार वास्तविक है और इसमें अच्छी कमाई हो रही है। इसके बाद उन्होंने अपनी जमा पूंजी के साथ बैंक से ऋण लेकर और अन्य स्रोतों से उधार लेकर भी रकम लगानी शुरू कर दी।
आरोप है कि निवेश की रकम बढ़ने के साथ ही आरोपितों का व्यवहार बदलने लगा। जब पुष्कर ने अपनी मूल रकम वापस मांगी तो उन्हें अलग-अलग बहाने बताकर टालते रहे। जनवरी 2025 में पुष्कर मोवा स्थित सीजी हाइट्स पहुंचे।
वहां उनकी मुलाकात सीमा देवी अग्रवाल, संजय अग्रवाल, ललित अग्रवाल और विवेक अग्रवाल से हुई। आरोप है कि सभी ने मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया कि करीब दो महीने के भीतर पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। हालांकि, इसके बाद भी रकम नहीं लौटाई गई।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 22 अगस्त 2024 से तीन फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस और आनलाइन माध्यम से आरोपितों के बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। शिकायतकर्ता ने नेहल अग्रवाल, ललित अग्रवाल, विवेक अग्रवाल और सीमा अग्रवाल के खातों में अलग-अलग किश्तों में पैसे ट्रांसफर किए।
शिकायत में दर्ज लेनदेन के अनुसार नेहल अग्रवाल के खाते में 22 अगस्त 2024 को 10 लाख, पांच सितंबर को 20 लाख और छह सितंबर को 20 लाख रुपये जमा किए गए। इस तरह उसके खाते में कुल 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन गेम में 10 लाख हारने के बाद बने चोर, पुलिस ने 2 को दबोचा, 15.50 लाख के जेवरात व कार जब्त
वहीं, ललित अग्रवाल के खाते में 21 सितंबर 2024 को 24 लाख, 18 अक्टूबर को 10 लाख, छह दिसंबर को 11 लाख, 16 दिसंबर को 11 लाख और 10 जनवरी 2025 को 30 लाख रुपये जमा किए गए। इसके अलावा 14 जनवरी 2026 को पांच लाख रुपये और ट्रांसफर किए गए। इस तरह ललित के खाते में कुल 91 लाख रुपये दिए जाने की जानकारी शिकायत में दी गई है।
इसके अलावा 28 अक्टूबर 2024 को विवेक अग्रवाल के खाते में चार लाख रुपये और तीन फरवरी 2026 को सीमा अग्रवाल के खाते में 9.90 लाख रुपये जमा किए गए। इस तरह शिकायतकर्ता के अनुसार कुल 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपये आरोपितों तक पहुंचे।
शिकायत के अनुसार जब पुष्कर जैन अपनी रकम वापस पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे, तब नमित अग्रवाल उर्फ विक्की ने उनसे संपर्क किया। उसने व्यक्तिगत गारंटी देकर दोबारा निवेश करने के लिए कहा। भरोसा दिलाया कि नई रकम मिलने के बाद ट्रेडिंग दोबारा शुरू हो जाएगी और सभी निवेशकों की राशि वापस कर दी जाएगी।
इस आश्वासन पर पुष्कर ने तीन फरवरी 2026 को फिर 9.90 लाख रुपये दिए। आरोप है कि इसके दो दिन बाद ही पांचों आरोपितों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और रायपुर स्थित निवास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुष्कर को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।