
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख रुपये गंवाने और कर्ज में डूबने के बाद दो युवकों ने चोरी की साजिश रची। करीब तीन माह पहले ग्राम ठाकुरटोला में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चुराने वाले दोनों आरोपितों को साइबर सेल और पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से चोरी के जेवरात, रायपुर के एक अन्य मकान से चुराए सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल कार सहित कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा ने 25 अगस्त को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह सुबह करीब नौ बजे परिवार के साथ खेत गया था। दोपहर एक बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। पुलिस चौकी मोहारा में अपराध बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में गांव के ही सुरेंद्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में सुरेंद्र ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये हारने के बाद उस पर कर्ज हो गया था। इसे चुकाने के लिए उसने गणेश्वर के साथ चोरी की योजना बनाई। दोनों ने पहले दीपक वर्मा के मकान की रेकी की और वारदात के लिए परिवार के खेत जाने का समय चुना।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों सुबह करीब चार बजे घर के पास पहुंच गए थे। गणेश्वर ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेंद्र कार में रहकर आसपास निगरानी करता रहा। सुबह परिवार के खेत जाने के बाद सुरेंद्र ने मोबाइल से संकेत दिया। गणेश्वर नीचे उतरा और लोहे की रॉड से ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैरपट्टी चोरी कर ली।
वारदात के बाद दोनों कार से रायपुर चले गए और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे। चोरी के जेवरात बेचने में सफल नहीं होने पर कुछ आभूषण वहीं छिपाकर रख दिए। पूछताछ में सुरेंद्र ने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित एक मकान से भी सोने के टॉप्स और झुमके चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, घरेलू कामकाज के दौरान उसने ये आभूषण चुराए थे और बाद में मुथूट फाइनेंस, डोंगरगढ़ में गिरवी रख दिए थे।
यह भी पढ़ें- जांजगीर-चांपा के दो विशाल चूना पत्थर ब्लॉक नीलाम, 57 करोड़ टन का मिला भंडार
पुलिस ने ठाकुरटोला की चोरी के 8.50 लाख रुपये के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल पांच लाख रुपये की कार और अरिहंत नगर से चुराए दो लाख रुपये के सोने के आभूषण सहित कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपित सुरेंद्र साहू और गणेश्वर नेताम दोनों ठाकुरटोला के निवासी हैं। पुलिस उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर आगे की जांच कर रही है।